मप्रः मुख्यमंत्री आज जबलपुर से 3 दिवसीय राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का करेंगे शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः मुख्यमंत्री आज जबलपुर से 3 दिवसीय राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का करेंगे शुभारंभ


जबलपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर राज्य सरकार द्वारा तीन दिवसीय 'राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस' समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस भव्य समारोह का आज शनिवार को शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में जबलपुर के गैरिसन ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में किया जाएगा।

जनसम्पर्क अधिकारी एमएस उइके ने जानकारी देते हुए बताया कि इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव अधारताल तिराहा स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन करेंगे।

उन्होंने बताया कि सदर स्थित गैरिसन ग्राउंड में आयोजित इस समारोह में भगवान बिरसा मुंडा सहित रानी दुर्गावती, राजा शंकर शाह, कुंवर रघुनाथ शाह और टंट्या भील जैसे महान जनजातीय नायकों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजली अर्पित की जाएगी। कार्यक्रम में जनजातीय महापुरुषों के योगदान पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। साथ ही, जनजातीय धर्मगुरुओं का सम्मान किया जायेगा। कार्यक्रम में विभिन्न शासकीय योजनाओं के चिन्हित हितग्राहियों को मंच से हितलाभ भी वितरित किए जाएंगे।

गौरतलब है कि भारत सरकार ने वर्ष 2021 में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती (15 नवम्बर) को 'जनजातीय गौरव दिवस' के रूप में मनाने की घोषणा की थी। आदिवासी समाज में भगवान और 'धरती आबा' के रूप में पूजनीय बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत, शोषणकारी व्यवस्था और जमींदारी प्रथा के विरुद्ध ऐतिहासिक क्रांति किया। उनका संघर्ष केवल राजनीतिक आजादी तक सीमित नहीं था, बल्कि जल, जंगल और जमीन पर जनजातीय समुदाय के अधिकारों, सांस्कृतिक पहचान और स्वाभिमान की रक्षा का महाआंदोलन था।

यह आयोजन जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में उनके बलिदान और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को राष्ट्रीय पहचान देने का माध्यम है। इसका लक्ष्य जनजातीय संस्कृति, लोककला और परंपराओं का संरक्षण करने के साथ-साथ समाज में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर नई पीढ़ी को अपने नायकों की शौर्यगाथा से परिचित कराना है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. यादव भोपाल से वायुयान द्वारा प्रस्थान कर सुबह 10.15 बजे डुमना एयरपोर्ट जबलपुर पहुचेंगे तथा यहां आयोजित स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद दोपहर 1 बजे जबलपुर से वायुयान द्वारा बैंगलुरू रवाना होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776780 Articles

Share this story