मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को करेंगे देवास के नवनिर्मित सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक का लोकार्पण

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को करेंगे देवास के नवनिर्मित सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक का लोकार्पण


- 9.44 करोड़ की लागत से बना 400 मीटर 8-लेन ट्रैक, खेल प्रतिभाओं को मिलेगा उच्च स्तरीय प्रशिक्षण का मंच

देवास, 16 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार, 17 नवंबर को देवास को एक बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) से जुड़कर देवास को कुशाभाऊ ठाकरे स्टेडियम देवास में लगभग 9.44 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित 400 मीटर लंबाई के 8 लेन सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक का लोकार्पण करेंगे।

जिला प्रशासन द्वारा सोमवार को जानकारी दी गई कि कार्यक्रम दोपहर एक बजे से शुरू होगा। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, विधायक गायत्री राजे पवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी शिवम शुक्ल ने बताया कि नवनिर्मित सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक देवास जिले की खेल अधोसंरचना को नई मजबूती प्रदान करेगा। इस आधुनिक ट्रैक के निर्माण से जिले के खिलाड़ियों को एथलेटिक्स के अभ्यास एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे स्थानीय खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता निखारने, बेहतर प्रशिक्षण प्राप्त करने तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के अवसर मिलेंगे। यह आधुनिक खेल सुविधा देवास जिले में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने और उभरती हुई खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778227 Articles

Share this story