मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. यादव ग्वालियर हादसे के घायलों से मिले, ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर ली स्वास्थ्य की जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. यादव ग्वालियर हादसे के घायलों से मिले, ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर ली स्वास्थ्य की जानकारी


- मरीजों एवं परिजनों से मुलाकात कर कहा- धैर्य बनाए रखें, सरकार प्रत्येक घायल का कराएगी अच्छे से अच्छा इलाज

भोपाल, 19 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को ग्वालियर के जयारोग्य चिकित्सालय के ट्रॉमा सेंटर पहुँचकर गत दिवस शीतला माता मंदिर के समीप हुई दुर्घटना में घायल लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने उपचाररत मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात कर ढाँढस बँधाया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मरीजों और उनके परिजनों से कहा कि इस कठिन समय में सरकार पूरी ताकत के साथ आप सबके साथ खड़ी है। सभी घायलों का बेहतर से बेहतर उपचार कराया जाएगा। जरूरत पड़ने पर गंभीर रूप से घायल मरीजों को एयर एम्बुलेंस की सुविधा भी सरकार उपलब्ध कराएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट तथा सांसद भारत सिंह कुशवाह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण भी ट्रॉमा सेंटर पहुँचे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चिकित्सकों से चर्चा कर घायलों के उपचार की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। गंभीर मरीजों की स्थिति पर विशेष निगरानी रखने के साथ उनके उपचार की निरंतर समीक्षा करने के निर्देश भी उन्होंने दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों से कहा कि उपचार व्यवस्था पर सतत नजर रखें और मरीजों तथा उनके परिजनों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएँ।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार ने दु:खद घटना के मृतकों के परिजन को चार-चार लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को दो-दो लाख रुपये तथा अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की तात्कालिक आर्थिक सहायता सरकार द्वारा स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दुर्घटना की गहन जाँच के निर्देश दिए गए हैं। इस मामले में दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई भी की गई है। जाँच में जो भी दोषी पाए जाएँगे, उनके खिलाफ और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ग्वालियर में बेकाबू ट्रक की चपेट में आने से 15 श्रद्धालुओं की मौत और 42 घायल हुए थे

गौरतलब है कि ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास शनिवार देर रात 1.30 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने मंदिर में दर्शन के लिए लाइन में लगे श्रद्धालुओं को कुचल दिया था। हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 42 घायल हैं।

जिला प्रशासन के अनुसार, मृतकों में सत्येंद्र सिंह गुर्जर (22) पुत्र जगदीश सिंह, निवासी- महलगांव, सरला तोमर (50) पत्नी राजेन्द्र सिंह तोमर, निवासी- हनुमान पहाड़ी, राजीव नगर, गुढ़ा, गौरव परिहार (18) पुत्र कमलेश परिहार, निवासी- बड़ागांव, खुरेरी, महेश शर्मा (45) पुत्र मातादीन शर्मा, निवासी- सहसराम गसवानी, जिला श्योपुर, विमलेश (18) पुत्र बबलू बघेल, निवासी महागावरा, थाना सीहोर, जिला शिवपुरी, देवेश बघेल (17) पुत्र हरिसिंह बघेल, निवासी मावटा, भितरवार, प्रिंस उर्फ छोटू जाटव (16) पुत्र संतोष जाटव, निवासी ठाठीपुर, शौर्य शर्मा (15) पुत्र संजय शर्मा, निवासी सहसराम- श्योपुर, दिव्यांश कुशवाह (17) पुत्र अशोक कुशवाह, निवासी- महेशपुरा- सिकंदर कम्पू, पवन राठौर (23), पुत्र विद्याराम राठौर, निवासी गदाईपुरा, हजीरा, लव त्यागी (15) निवासी मुरैना, अमन त्यागी (13) निवासी मुरैना, अशोक त्यागी (45) निवासी सदर, ग्वालियर, हेमंत राठौर पुत्र बंटी राठौर, निवासी शिवनगर, गदाईपुरा और नीतेश उर्फ रितेश (18) निवासी मेला ग्राउंड दुल्लापुर, ग्वालियर शामिल है।

हादसे में 42 लोग घायल हुए थे, जिनमें से सात लोगों का जयारोग्य चिकित्सालय के ट्रॉमा सेंटर में उपचार चल रहा है। इनमें ग्वालियर के हुजरात पुल क्षेत्र निवासी 36 वर्षीय संजय शर्मा और सिंधियानगर निवासी 19 वर्षीय कल्पना गंभीर अवस्था में भर्ती हैं। इसके अलावा माधवीनगर खताईपुरा निवासी 20 वर्षीय शुभम राठौर, हजीरा क्षेत्र निवासी 40 वर्षीय सोनू, ठाठीपुर निवासी 19 वर्षीय अभिषेक जाटव, टेकनपुर निवासी 28 वर्षीय राजबहादुर क्षेत्री तथा श्योपुर जिले के दूजापुर गाँव निवासी सात वर्षीय बालक दिव्यांश का भी उपचार भी ट्रॉमा सेंटर में हो रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव एवं केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने सभी घायलों और उनके परिजन से भेंट कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा बेहतर उपचार का भरोसा दिलाया। अपेक्स बैंक के प्रशासक महेन्द्र सिंह यादव, वन विकास निगम के अध्यक्ष रामनिवास रावत, जयप्रकाश राजौरिया एवं प्रेम सिंह राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण ट्रॉमा सेंटर पहुँचे थे।

इधर, ग्वालियर कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी रुचिका चौहान ने हादसे की मजिस्ट्रियल जांच आदेश जारी किए हैं। जांच के लिए अपर जिला मजिस्ट्रेट सीबी प्रसाद को नियुक्त किया गया है। जिला दण्डाधिकारी ने जांच अधिकारी को घटना के विभिन्न बिंदुओं पर 7 दिवस के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। जिला दण्डाधिकारी ने अपने आदेश में कहा है कि ग्वालियर जिले के पुलिस थाना आंतरी क्षेत्रांतर्गत स्थित शीतला माता मंदिर में नवरात्रि की सप्तमी तिथि को चीनौर रोड से आते हुए तेज रफ्तार ट्रक बेकाबू हो जाने के कारण सड़क किनारे बनी प्रसाद की पांच दुकानों को रौंदते हुए शीतला माता मंदिर के मुख्य द्वार से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में 15 श्रद्धालुओं की मृत्यु हो गई, लगभग 42 श्रद्धालु घायल हुए हैं। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं का जयारोग्य चिकित्सालय के ट्रामा सेंटर में विशेष उपचार किया जा रहा है। अन्य घायलों का भी उपचार जारी है।

हादसे के बाद सीएसपी को हटाया, आठ पुलिसकर्मी निलंबित

ग्वालियर में हुए भीषण सड़क हादसे के बाद राज्य सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर झांसी रोड सीएसपी रवि भदौरिया को हटा दिया गया है। वहीं, तीन थाना प्रभारियों समेत आठ पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। इनमें झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति सिंह यादव, आंतरी थाना प्रभारी गीतेश शर्मा, झांसी रोड के ट्रैफिक थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी, निरीक्षक यातायात राघवेंद्र जादौन, प्रधान आरक्षक सुशील द्विवेदी और आरक्षक किशन खन्ना, अनिल जैतपुरिया व पवन सेंगर शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763674 Articles

Share this story