गुरुनानक देव जी ने समाज में समानता का भाव विकसित किया : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

WhatsApp Channel Join Now
गुरुनानक देव जी ने समाज में समानता का भाव विकसित किया : मुख्यमंत्री डॉ. यादव


- मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल के अरेरा कालोनी गुरुद्वारे में माथा टेका और नागरिकों को दी बधाई

भोपाल, 23 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि गुरूनानक देव ने समाज की कमजोरियों को दूर कर भारतीय संस्कृति का संरक्षण कर और समाज में समानता का भाव विकसित करने का महत्वपूर्ण कार्य किया। उनकी अमर यात्रा भारत ही नहीं अफगानिस्तान तक पहुंची। उन्होंने सिख पंथ की स्थापना और लंगर की परम्पराओं से बराबरी के भाव को सशक्त बनाने का कार्य किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार देर शाम गुरु नानक जयंती (प्रकाश पर्व) की पूर्व संध्या पर भोपाल के अरेरा कॉलोनी स्थित गुरुद्वारे में उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुरु ग्रंथ साहब के समक्ष माथा टेका और उपस्थित जन को गुरूनानक जयंती की बधाई दी। उन्होंने प्रदेशवासियों को भी बधाई और मंगलकामनाएं देते हुए कहा कि गुरूनानक देव जी का आशीर्वाद समस्त नागरिकों को प्राप्त हो, ऐसी कामना है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव का गुरूद्वारा समिति की ओर से डॉ. पीएस बिंद्रा ने शाल उढ़ाकर सम्मान किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संगत के साथ बैठकर कीर्तन का आनंद लिया। इस अवसर पर राहुल कोठारी, रविन्द्र यति, नेहा बग्गा, अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस अवसर पर उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782174 Articles

Share this story