मध्य प्रदेश स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव शौर्य स्मारक में करेंगे संकल्प वृक्ष का रोपण

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव शौर्य स्मारक में करेंगे संकल्प वृक्ष का रोपण


- सेना दिवस समारोहों के अंतर्गत भोपाल में पहली बार 15 जनवरी 2027 को आयोजित होगा सेना दिवस समारोह

भोपाल, 30 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मध्य प्रदेश स्थापना दिवस (एक नवंबर) के अवसर पर राजधानी भोपाल स्थित शौर्य स्मारक में 'संकल्प वृक्ष' का रोपण करेंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी अनुराग उइके ने जानकारी देते हुए बताया कि यह वृक्षारोपण कार्यक्रम आगामी 15 जनवरी 2027 को भोपाल में पहली बार होने जा रहे राष्ट्रीय 'सेना दिवस समारोह' की प्रारंभिक कड़ी के रूप में आयोजित किया जा रहा है, जो भारतीय सेना के वीर जवानों के साहस, त्याग और समर्पण के प्रति जन-कृतज्ञता को समर्पित है।

उन्होंने बताया कि इस वृक्षारोपण की विशेषता यह है कि 'संकल्प वृक्ष' को प्रदेशव्यापी 'मेरी माटी' अभियान के तहत एकत्रित पावन मिट्टी से सिंचित और पोषित किया जाएगा। अभियान के माध्यम से प्रदेश के प्रत्येक जिले के गांवों, कस्बों और शहरों से नागरिकों की भावनाएं समेटकर यह मिट्टी शौर्य स्मारक लाई गई है। हर जिले की मिट्टी का यह संगम राष्ट्र की सीमाओं और संप्रभुता की रक्षा में तत्पर सैनिकों के प्रति पूरे प्रदेश की सामूहिक श्रद्धा और आत्मीय जुड़ाव को अभिव्यक्त करता है।

जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, शौर्य स्मारक में रोपा जाने वाला यह 'संकल्प वृक्ष' आगामी महीनों में प्रदेशभर में आयोजित होने वाली सैन्य सम्मान गतिविधियों की श्रृंखला का शुभारंभ भी करेगा। यह वृक्ष राष्ट्र के अमर बलिदानियों और सेवारत सैनिकों के प्रति राज्य की अटूट आस्था और सम्मान के एक स्थायी व जीवंत प्रतीक के रूप में स्थापित रहेगा। इस अभियान के तहत 15 जनवरी 2027 तक निरंतर विभिन्न जन-जागरूकता एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनका समापन मुख्य सेना दिवस समारोह के साथ होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769592 Articles

Share this story