मप्रः चित्रकला प्रदर्शनी एवं भाषण प्रतियोगिता में आज विद्यार्थियों की रचनात्मकता से रूबरू होंगे मुख्यमंत्री

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः चित्रकला प्रदर्शनी एवं भाषण प्रतियोगिता में आज विद्यार्थियों की रचनात्मकता से रूबरू होंगे मुख्यमंत्री


भोपाल, 06 अक्टूबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल में आज मंगलवार को दोपहर 12 बजे से विद्यार्थियों की चित्रकला प्रदर्शनी एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।

जनसम्पर्क अधिकारी सुनील वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि मेरे सपनों का भारत थीम पर आयोजित प्रदर्शनी में विद्यार्थी अपने चित्रों के माध्यम से विकसित और सशक्त भारत की अपनी कल्पना प्रस्तुत करेंगे। वहीं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थी अपने विचारों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण और सेवा भावना में युवाओं की भूमिका पर अपनी बात रखेंगे।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों का अवलोकन करेंगे। साथ ही विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी प्रतिभा एवं रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करेंगे। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह भी उपस्थिति रहेंगे।

गौरतलब है कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश सरकार द्वारा सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत प्रदेश के सभी जिलों में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा भी प्रदेश भर के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व, रचनात्मकता और जनभागीदारी से जोड़ने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज भोपाल में यह चित्रकला प्रदर्शनी और भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story