मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को वितरित करेंगे सूर्य मित्र कृषि फीडर योजना के क्रय अनुबंध

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को वितरित करेंगे सूर्य मित्र कृषि फीडर योजना के क्रय अनुबंध


- फीडर सोलराइजेशन के लिये विकासकों को सौंपे जाएंगे विद्युत क्रय अनुबंध

भोपाल, 24 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ‘सूर्य-मित्र कृषि फीडर’ योजना में चयनित विकासकों को विद्युत क्रय अनुबंध वितरित करेंगे। मुख्यमंत्री निवास में अनुबंध वितरण कार्यक्रम बुधवार, 25 मार्च को सुबह 11:30 बजे आयोजित किया गया है।

विद्युत विभाग के अपर मुख्य सचिव मनु श्रीवास्तव ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि राज्य शासन की सूर्य-मित्र कृषि फीडर योजना में ग्रिड से जुड़े पृथक कृषि विद्युत फीडर्स तथा मिश्रित विद्युत फीडर्स से संचालित कृषि पम्पों को सौर ऊर्जा से बिजली उपलब्ध कराने के लिए विद्युत फीडरों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जा रहे हैं। योजना में सम्पूर्ण फीडर और विद्युत सब-स्टेशन का सोलराइजेशन किया जाएगा।

मध्य प्रदेश ऊर्जा विकास निगम के एमडी अमनवीर सिंह बैंस ने बताया कि सोलराइजेशन के लिये नियमानुसार जारी की गई निविदाओं में विभिन्न क्षेत्र के विकासकों ने भागीदारी की। इसमें आवश्यक अहर्ताएं पूरी करने वाले निवेशकों का चयन किया गया है। इन विकासकों के साथ 25 वर्षों तक विद्युत क्रय करने के लिये विद्युत क्रय अनुबंध हस्ताक्षरित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री निवास में आयोजित कार्यक्रम में विकासकों को क्रय अनुबंध वितरित किये जायेंगे। यह योजना प्रदेश में कृषि क्षेत्र को सौर ऊर्जा से सशक्त बनाने, किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने और ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story