राष्ट्रसेवा, सुशासन और विकास के लिए समर्पित रहा है अटल जी का जीवन: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रसेवा, सुशासन और विकास के लिए समर्पित रहा है अटल जी का जीवन: मुख्यमंत्री डॉ. यादव


मुख्यमंत्री ने इंदौरवासियों को समर्पित किया ‘अटल पथ’, 60 करोड़ की लागत के विकास कार्यों की दी सौगात,

भोपाल, 16 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी उत्कृष्ट राजनेता, लेखक, कवि और कुशल वक्ता होने के साथ लोकतंत्र की गरिमा को स्थापित करने वाले अजातशत्रु थे। उन्होंने सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की भूमिका को गरिमा के साथ निभाने का आदर्श प्रस्तुत किया। उनका जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और विकास के लिए समर्पित रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को इंदौर में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अटल जी की पुण्यतिथि पर इंदौर को बड़ी सौगात देते हुए 60 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन किया।

उन्होंने अन्नपूर्णा रोड से रिंग रोड को जोड़ने वाले 16 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से नवनिर्मित मार्ग ‘अटल पथ’ का लोकार्पण किया, साथ ही उन्होंने टिगरिया बादशाह मेन रोड से कुशवाह नगर होते हुए उज्जैन नाका-बाणगंगा तक बनने वाले लिंक रोड सहित अन्य महत्वपूर्ण विकास कार्यों का भूमि पूजन भी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्व. अटल जी के राष्ट्र निर्माण में योगदान और उनके आदर्शों को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर स्वच्छता, सेवा और सुशासन का सिरमौर है। इंदौर से मध्य प्रदेश में नई तकनीक और नवाचार की गंगा बह रही है। आज फिर यहां एक नया नवाचार देखने को मिला है। उन्होंने चिड़ियाघर में विकसित किए जा रहे आकर्षक नवाचारों के लिए सभी बधाई दी। उन्होंने कहा कि इन कार्यों में सरकार पर अतिरिक्त वित्तीय भार नहीं आएगा, लेकिन सरकार की हिस्सेदारी के साथ निजी सहभागिता से ऐसे नवाचारों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी का इंदौर से गहरा संबंध रहा है। उनके नाम पर अटल पथ का लोकार्पण करते हुए उन्हें विशेष प्रसन्नता हो रही है। इंदौर में इच्छाशक्ति और जनभागीदारी से किए जा रहे विकास कार्य शहर को नई दिशा दे रहे हैं।

उन्होंने अटल जी की प्रतिमा सहित लगभग 60 करोड़ रुपये की लागत से सात विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमि पूजन का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सुशासन और विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से टिगरिया बादशाह मुख्य मार्ग से कुशवाह नगर होते हुए उज्जैन नाका तक बनने वाली सड़क सिंहस्थ के दौरान भी अत्यंत उपयोगी साबित होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर और उज्जैन में होने वाले विश्व के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक सिंहस्थ को ध्यान में रखते हुए आने-जाने के सभी प्रमुख मार्गों का सुदृढ़ीकरण आवश्यक है। इसी क्रम में फूटी कोठी चौराहे से संत श्री सेवालाल ब्रिज के सर्विस रोड का भी लगभग 7 करोड़ रुपये की लागत से भूमि पूजन किया गया है।

अटल जी के सपनों को साकार कर रही सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी ने अपने शासनकाल में भारत को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की मजबूत नींव रखी। परमाणु शक्ति संपन्न भारत, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, स्वर्णिम चतुर्भुज जैसी अनेक योजनाएं उनके दूरदर्शी नेतृत्व की देन हैं। उन्होंने नदी जोड़ो अभियान का सपना भी देखा था, जिसे अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केन-बेतवा तथा पार्वती-कालीसिंध-चंबल नदी जोड़ो परियोजनाओं के माध्यम से मध्य प्रदेश और राजस्थान के बड़े क्षेत्र को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि नर्मदा के पानी ने मालवा-निमाड़ और इंदौर क्षेत्र की तस्वीर बदल दी है। अटल जी की उपस्थिति में इंदौर में नर्मदा जल आने का उत्सव मनाया गया था। आज नर्मदा का पानी पेयजल, सिंचाई और औद्योगिक गतिविधियों के लिए क्षेत्र के विकास का आधार बन चुका है।

इंदौर को मिल रही आधुनिक कनेक्टिविटी की सौगात

मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर महानगर के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उज्जैन-इंदौर मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र के साथ भोपाल मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र और अब जबलपुर तथा ग्वालियर को भी आधुनिक विकास की दिशा में आगे बढ़ाया जा रहा है। इंदौर को अंतरराष्ट्रीय विमानतल का दर्जा मिलने से वैश्विक कनेक्टिविटी मजबूत हुई है। अबूधाबी के लिए नियमित उड़ानों के साथ आने वाले समय में अन्य अंतर्राष्ट्रीय कनेक्टिविटी भी बढ़ेगी।

उन्होंने कहा कि इंदौर-उज्जैन मार्ग के सुदृढ़ीकरण, इंदौर-मनमाड़ रेल परियोजना और दिल्ली मार्ग से इंदौर की सीधी रेल कनेक्टिविटी जैसी परियोजनाएं आने वाले समय में शहर की आर्थिक गतिविधियों को नई गति देंगी। इंदौर-पीथमपुर आर्थिक कॉरिडोर सहित विभिन्न परियोजनाओं से रोजगार और निवेश के नए अवसर पैदा होंगे।

ओंकारेश्वर-महाकाल दर्शन के लिए हेलीकॉप्टर सेवा

मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर से ओंकारेश्वर और महाकालेश्वर के दर्शन के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होना धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि है। श्रद्धालुओं को हेलीकॉप्टर से दोनों ज्योतिर्लिंगों के दर्शन के साथ स्थानीय परिवहन और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। यह मालवा के आतिथ्य और पर्यटन विकास की नई पहचान बन रहा है। उन्होंने कहा कि ओंकारेश्वर में लगभग 2700 करोड़ रुपये के विकास कार्य किए जा रहे हैं। धार्मिक पर्यटन के साथ अधोसंरचना के विकास से इंदौर और आसपास के क्षेत्रों को नई आर्थिक संभावनाएं मिलेंगी।

मुख्यमंत्री ने वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में किए जा रहे आयोजनों का उल्लेख करते हुए कहा कि वंदे मातरम् भारत की स्वतंत्रता के संघर्ष और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। हजारों क्रांतिकारियों ने वंदे मातरम् का उद्घोष करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के प्रति सम्मान तथा उनकी गरिमा बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में जागो सन्यासी जागो पुस्तिका का विमोचन भी किया। कार्यक्रम के दौरान लाडली बहनों ने मुख्यमंत्री को राखी भी बाँधी।

खुली जीप में सवार होकर कार्यक्रम स्थल पहुंचे मुख्यमंत्री, पुष्प वर्षा कर नागरिकों ने जताया आभार

अटल पथ पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव खुली जीप में सवार होकर जनता का अभिवादन करते हुए मुख्य मंच तक पहुंचे। मार्ग के दोनों ओर खड़े होकर तथा घरों से बड़ी संख्या में मौजूद क्षेत्रीय नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। सड़क निर्माण की सौगात मिलने पर नागरिकों ने पुष्प वर्षा के माध्यम से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। पूरे मार्ग में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।

सुविधाओं और विशेषताओं से युक्त है अटल पथ

इंदौर में ‘अटल पथ’ के लोकार्पण से पश्चिमी इंदौर के सुदामा नगर, विश्वकर्मा नगर, अन्नपूर्णा रोड एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। यह मार्ग क्षेत्र में यातायात को सुगम बनाने के साथ ही प्रमुख मार्गों पर यातायात के दबाव को कम करने में भी सहायक होगा।

नगर निगम द्वारा 16 करोड़ रुपये से अधिक लागत से विकसित इस मार्ग पर सड़क निर्माण के साथ सर्विस रोड, फुटपाथ, स्टॉर्म वॉटर लाइन, ग्रीन बेल्ट एवं प्रकाश व्यवस्था सहित आवश्यक नागरिक सुविधाओं का विकास किया गया है। वर्षों से यहां निवासरत परिवारों के व्यवस्थित पुनर्वास के बाद मार्ग का विकास संभव हुआ।

कार्यक्रम को नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, महापौर पुष्यमित्र भार्गव और विधायक मालिनी गौड़ ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, विधायक मधु वर्मा, गोलू शुक्ला, रमेश मेंदोला सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story