मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एशियन गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को दी बधाई

WhatsApp Channel Join Now
मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एशियन गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को दी बधाई


भोपाल, 25 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एशियन गेम्स-2026 में पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ के फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतने पर गुलवीर सिंह, पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, रुद्रांक्ष बालासाहेब एवं नीरज कुमार, महिलाओं की शॉट पुट (गोला फेंक) स्पर्धा में 17.17 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ देश के लिए ब्रॉन्ज़ मेडल जीतने वाली मनप्रीत कौर एवं टेबल टेनिस के मिक्स्ड डबल्स में कांस्य पदक जीतने पर मानुष शाह और दिया चितले को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शुक्रवार को सोशल मीडिया 'एक्स' पर की गई पोस्ट में कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर देश का मान बढ़ाया है। इन सभी खिलाड़ियों ने यह उपलब्धि हासिल कर पूरे देश और प्रदेश को गौरवान्वित किया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वर्ण पदक जीतने पर एयर पिस्टल मिश्रित युगल टीम को दी बधाई

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एशियन गेम्स-2026 के 10 मीटर मिश्रित युगल पिस्तौल टीम स्पर्धा में कमलजीत सिंह और सुरुचि इंदरसिंह को स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 'एक्स' पर कहा कि भारतीय युगल टीम ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर सम्पूर्ण भारत का मान बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अथक परिश्रम और समर्पण ने देश को गौरवान्वित किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story