मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एशियन पैरा गेम्स में पदक विजेता भारतीय खिलाड़ियों को दी बधाई

WhatsApp Channel Join Now
मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एशियन पैरा गेम्स में पदक विजेता भारतीय खिलाड़ियों को दी बधाई


भोपाल, 20 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एशियन पैरा गेम्स-2026 में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतने पर भारतीय महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने महिलाओं की 200 मीटर टी12 स्पर्धा में, 24.80 सेकंड के नए गेम्स रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीतने पर सिमरन को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने महिलाओं की 200 मीटर टी 35 स्पर्धा में प्रति पाल को रजत पदक, 200 मीटर टी12 स्पर्धा में 25.23 सेकंड के शानदार समय के साथ कांस्य पदक जीतने पर तेजलबेन दामोर और महिलाओं की 1500 मीटर टी11 स्पर्धा में रावनी वालासानाणी को कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोमवार को सोशल मीडिया पर कहा कि भारतीय खिलाड़ियों की यह उपलब्धि उनके दृढ़ संकल्प और अथक परिश्रम का प्रतीक है। खिलाड़ियों की यह सफलता अन्य महिला खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। भारतीय खिलाड़ियों की मेहनत और शानदार प्रदर्शन ने भारत को गौरवान्वित किया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुरुषों की डिस्कस थ्रो स्पर्धा (49.71 मीटर) में स्वर्ण पदक जीतने पर देवेंद्र कुमार, 49.35 मीटर स्पर्धा में रजत पदक प्राप्त करने पर राकेश, 51.15 मीटर स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने पर प्रदीप कुमार, पुरूषों की 200 मीटर इंडिविजुअल मेडल एसएम 7 स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने पर निरंजन मुकुंदान को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह भारत के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। भारतीय खिलाड़ियों की मेहनत और शानदार प्रदर्शन ने भारत को गौरवान्वित किया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एशियन पैरा गेम्स-2026 में मेन्स 10एम एयर पिस्टल एसएच-1 में मनीष नरवाल तथा मेन्स 65केजी पैरा पॉवरलिफ्टिंग में अशोक जी को रजत पदक जीतने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मेन्स जैवलीन थ्रो एफ53/54 में प्रदीप कुमार को रजत एवं आयुष वर्मा को कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विमेन्स 10एम एयर पिस्टल एसएच-1 फाइनल में सृष्टि अरोरा, विमेन्स सिंगल क्लास 6 पैरा टेबल टेनिस में प्राची पाण्डे, विमेन्स सिंगल क्लास 9 पैरा टेबल टेनिस में बेबी सहाना रवि, विमेन्स सिंगल क्लास 3 पैरा टेबल टेनिस में सोनलबैन पटेल और विमेन्स सिंगल क्लास 4-5 टेबल टेनिस में भाविना पटेल को कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मेन्स सिंगल्स क्लास 1 पैरा टेबल टेनिस में जेहान दोराब जी, मेन्स शॉट पुट एफ11 में प्रवीण शर्मा और मेन्स 100एम फ्रीस्टाइल एस11 में हिमांशु नंडल को कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि खिलाड़ियों के शानदार खेल प्रदर्शन ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का गौरव बढ़ाया है। खिलाड़ियों के अटूट हौसले और कड़े परिश्रम पर भारतवासियों को गर्व है। खिलाड़ियों का जुनून और अथक परिश्रम करोड़ों युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। सभी खिलाड़ी इसी तरह सफलता के नए आयाम स्थापित करते रहें, यही कामना है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी खिलाड़ियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

स्वर्ण पदक विजेता पैरा एथलीट दीप्ति जीवन को दी बधाई

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जापान में हो रहे एशियन पैरा गेम्स-2026 में भारतीय पैरा एथलीट दीप्ति जीवन को महिला 400 मीटर टी20 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। पैरा एथलीट दीप्ति ने 56.36 सेकंड का समय लेकर अपना खिताब बरकरार रखते हुए एशियन गेम्स में रिकॉर्ड बनाया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संदेश में कहा कि दीप्ति ने अपनी निरंतरता, दृढ़ संकल्प और उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का परिचय दिया। उनकी यह उपलब्धि भारतीय खेल जगत के लिए गर्व का क्षण है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764102 Articles

Share this story