बच्चे और युवा हमारे सुनहरे भविष्य के सितारे, इनकी तरक्की में नहीं आने देंगे कोई बाधा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

WhatsApp Channel Join Now
बच्चे और युवा हमारे सुनहरे भविष्य के सितारे, इनकी तरक्की में नहीं आने देंगे कोई बाधा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव


- मुख्यमंत्री ने 42.52 करोड़ से नवनिर्मित सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण और प्रदेश के 8.19 लाख विद्यार्थियों की फीस प्रतिपूर्ति के लिए अंतरित किए 502 करोड़ रुपये

भोपाल, 11 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बच्चे हमारे देश-प्रदेश के भावी कर्णधार हैं। बच्चे और युवा हम सबके सुनहरे भविष्य के चमकते सितारे हैं। हम इनकी शिक्षा-दीक्षा, प्रतिभा प्रोत्साहन और तरक्की में कोई बाधा नहीं आने देंगे। राज्य सरकार आधुनिक शिक्षा सुविधाओं के विस्तार के साथ युवाओं को रोजगार और विकास के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मध्य प्रदेश में विकास का कारवां निरंतर आगे बढ़ता रहेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को नरसिंहपुर में 42.52 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित शासकीय सांदीपनि विद्यालय भवन के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत प्रदेश के 35.56 लाख से अधिक हितग्राहियों के बैंक खातों में सिंगल क्लिक से 213.41 करोड़ रुपये की पेंशन राशि अंतरित की। साथ ही शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत प्रदेश के 8 लाख 19 हजार विद्यार्थियों की स्कूल फीस प्रतिपूर्ति के लिए 502 करोड़ रुपये भी अंतरित किये।

मुख्यमंत्री ने रविवार को नवरात्र शुभारंभ के अवसर पर नरसिंहपुर जिलेवासियों को नये विकास कार्यों की भी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने यहां लगभग 175.14 करोड़ रुपए लागत के 31 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इसमें सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण भी शामिल है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन योजना- 2026 के अंतर्गत करीब 10 हितग्राहियों को उनके मालिकाना पट्टे की नि:शुल्क रजिस्ट्री की कॉपी (चेक सहित) तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए। मुख्यमंत्री ने यहां नवनिर्मित सांदीपनि विद्यालय की 15 नई बसों को हरी झंडी दिखाकर सांदीपनि बस सेवा का शुभारंभ किया।

गुरुकुल परम्परा का ही आधुनिक स्वरूप हैं हमारे सांदीपनि विद्यालय

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गुरु हो, तो सांदीपनि जैसा। शिष्य हो, तो कृष्ण जैसा और मित्रता हो, तो कृष्ण-सुदामा जैसी। प्रदेश में तेजी से विकसित हो रहे सांदीपनि विद्यालय हमारी प्राचीन गुरुकुल शिक्षा पद्धति और गुरु-शिष्य परंपरा का ही आधुनिक स्वरूप हैं। राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता और शैक्षणिक परिवेश को बेहतर बनाने के लिए हर जरूरी कदम उठा रही है। विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त विद्यालय भवन, स्कूल बस, पुस्तकें, यूनिफॉर्म और साइकिल उपलब्ध कराई जा रही हैं। पचहत्तर प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप तथा स्कूल टॉपर्स को स्कूटी प्रदान की जा रही है। राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को आगे बढ़ने के समान अवसर देना है।

सफलता के दिए अनमोल टिप्स, सपनों को पूरा करने के लिए किया प्रेरित

उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता के महत्वपूर्ण सूत्र बताते हुए कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए मेहनत, अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर सीखने की भावना आवश्यक है। विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार लक्ष्य तय कर पूरी लगन से पढ़ाई करनी चाहिए। प्रत्येक विद्यार्थी में आगे बढ़ने की क्षमता है और सही दिशा में किए गए प्रयास सफलता का मार्ग प्रशस्त करते हैं।

नरसिंहपुर को मिलेंगी नये विकास कार्यों की सौगातें

मुख्यमंत्री ने यहां नरसिंहपुर से पिपरिया मार्ग के उन्नयन के लिए सरकार द्वारा 540 करोड़ रुपये उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने नरसिंहपुर में नगर वन कॉरिडोर विकसित करने, नगरपालिका क्षेत्र में खैरीनाका से रेलवे स्टेशन तक पक्की सुसज्जित सड़क बनाने तथा नगर क्षेत्र में ही एक गीता भवन भी बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि नर्मदा नदी के बरमान घाट पर रिवर फ्रंट विकसित किया जाएगा। जिले के सभी विकासखंडों में पशुपालकों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को क्रमश: एक लाख, 50 हजार और 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।

युवाओं के लिए रोजगार और चिकित्सा शिक्षा का विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 को युवा वर्ष घोषित किया गया है। अगले वर्ष पीएससी की परीक्षाएं दो बार आयोजित की जाएंगी। प्रदेश में 85 हजार नई नियुक्तियां की गई हैं और बहुत जल्द एक लाख से अधिक नवीन पदों पर भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष प्रदेश में 12 नये मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे, जिससे चिकित्सा शिक्षा के अवसरों का विस्तार होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी अपने सेवा संकल्प के महाअभियान में भारत को दुनिया में अग्रणी राष्ट्र बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं। विकसित भारत की यात्रा में मध्य प्रदेश हर कदम पर प्रधानमंत्री के साथ खड़ा है। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण बेहतर शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रदेश में सांदीपनि विद्यालय शुरू किए गए हैं, ये विद्यालय हमें भगवान श्रीकृष्ण के शिक्षाकाल का स्मरण कराते हैं। श्रीकृष्ण-सुदामा की मित्रता से हमें शिक्षा लेकर मित्र की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। सांदीपनि विद्यालय और बस सेवा की सौगात बच्चों के चेहरों पर साफ नजर आ रही है। शासकीय स्कूलों में ड्रापआउट दर 14 प्रतिशत से कम होते हुए आज शून्य पर आ गई है। प्रदेश में सड़क, बिजली, पानी और शिक्षा जैसी बुनियादी जरूरतों को पूरा करने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नरसिंहपुर की पवित्र धरती को मां नर्मदा का विशेष स्नेह मिला है। यह आदिगुरु शंकराचार्य की तपस्थली, महर्षि महेशयोगी की ध्यानस्थली, वीरांगना रानी दुर्गावती की कर्मस्थली और आचार्य रजनीश ओशो का नरसिंहपुर के विशेष जुड़ाव रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जब भक्त संकट में होते हैं तो भगवान नरसिंह अवतार में प्रकट होकर दुष्टों को विनाश करते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में खेलों में भी भारत का प्रतिनिधित्व बढ़ा है। एशियन गेम्स-2026 में हमारे खिलाड़ियों का प्रदर्शन इसका गवाह है। मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों को 11 पदक मिले, जिनमें से 5 स्वर्ण पदक शामिल हैं। भारत आज मोबाइल मैन्यूफैक्चरिंग में अग्रणी राष्ट्र बन चुका है। अमृतकाल में वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने संकल्प लिया है। भारत दुनिया का नंबर-एक देश बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बालाघाट, मंडला, डिंडौरी जिले लंबे समय तक नक्सलवाद की चपेट में रहे। विकास के मामले में यहां हालात बहुत खराब हो गए थे। हमारी सरकार ने अपनी प्रतिबद्धता के बल पर प्रदेश की धरती से लाल सलाम को आखिरी सलाम किया है। चंबल में दस्यु समस्या का समाधान भी किया है। उन्होंने कहा कि पंचायत मंत्री प्रह्लाद पटेल के नेतृत्व में जल संरक्षण, नल जल योजना के अंतर्गत 10 हजार करोड़ लागत के विकास कार्य किए गए। पात्र हितग्राहियों को एक बगिया मां के नाम योजना का भी लाभ मिल रहा है। प्रदेश के किसानों को नदी जोड़ो अभियान की सौगात मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में आज 5 लाख किलोमीटर का सड़क नेटवर्क है। भोपाल और इंदौर में मेट्रो ट्रेन दौड़ रही है। राज्य में लगातार नए हवाई अड्डे विकसित कर एयर कनेक्टिविटी बढ़ाई जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में रीवा, सतना और दतिया को एयरपोर्ट की सौगात मिली है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गरीब, किसान, महिला और युवाओं के कल्याण क लिए सभी जरूरी काम कर रही है। इस वर्ष किसानों को गेहूं खरीद के लिए 2625 रुपए प्रति क्विंटल का भुगतान किया गया।

कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह, सांसद दर्शन सिंह चौधरी और पूर्व मंत्री जालम सिंह पटेल ने भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने सांदीपनि विद्यालय के नवीन भवन का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न कक्षाओं, पुस्तकालय, संगीत कक्ष, प्रयोगशाला सहित अन्य शैक्षणिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। विद्यालय में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्रदान करने के लिए विकसित की गई व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story