चेटीचंड का पर्व भारतीयों के हृदय में जागृत रखता है अखंड भारत का सपना: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
- मुख्यमंत्री ने भगवा ध्वज लहराकर चेटीचंड महापर्व पर सिंधी समाज के चल समरोह का शुभारंभ किया
भोपाल, 20 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सामाजिक उत्सवों से एक दूसरे के प्रति प्रेम और आत्मीयता बढ़ती है। चेटीचंड का पर्व अखंड भारत की याद दिलाता है और भारतीयों के हृदय में अखंड भारत का सपना जागृत रखता है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को उज्जैन में टावर चौक पर चेटीचंड महापर्व पर आयोजित सिंधी समाज के चल समरोह के शुभारंभ अवसर नागरिकों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विक्रम संवत 2083 में बाबा श्री महाकाल की नगरी से देश एवं प्रदेशवासियों को चेटीचंड के महापर्व की शुभ मंगलकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्री झूलेलाल की कृपा से सभी देश एवं प्रदेशवासी स्वस्थ और खुश रहकर देश की प्रगति में वाहक बने।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश, प्रदेश विकास के नवीन आयाम स्थापित कर रहा है। सिंहस्थ 2028 के लिए सरकार नवीन विकास के कार्य कर रही है। आप सभी गणमान्य नागरिक भी विकास कार्यों में अपना योगदान दे रहे है। आगामी सिंहस्थ के दिव्य आयोजन से प्रदेश और उज्जैन की वैश्विक पटल पर नवीन पहचान स्थापित होगी। उन्होंने सम्राट विक्रमादित्य को उनकी वीरता, न्यायप्रियता और दानशीलता के लिए याद कर कहा कि सम्राट विक्रमादित्य से प्रेरित होकर शासन उन गुणों को आत्मसात कर सुशासन के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भगवा ध्वज लहराकर रैली का शुभारंभ किया। रैली में विशिष्ट अतिथि राज्यसभा सांसद और एक्ट्रेस जयाप्रदा, मशहूर एक्टर आफताब शिवदासानी, तारक मेहता का उल्टा चश्मा फेम गोली उपस्थित रहे। इस अवसर पर सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, महापौर मुकेश टटवाल, संजय अग्रवाल, महेश पारियानी, डॉ. जितेंद्र जेठवानी और बड़ी संख्या में सिंधी समाजगण उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

