मप्रः भाजपा विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री बोले- जनता तक पहुंचाएं यूसीसी के फायदे

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः भाजपा विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री बोले- जनता तक पहुंचाएं यूसीसी के फायदे


भोपाल, 20 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक विधानसभा में पेश होने के बाद भाजपा ने इसे जनता तक पहुंचाने की रणनीति तेज कर दी है। सोमवार देर शाम हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने विधायकों से कहा कि यूसीसी के प्रावधानों और उसके लाभों की सही जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यूसीसी लागू होना प्रदेश की बड़ी उपलब्धि है और इससे सभी नागरिकों को समान अधिकार मिलेंगे। विशेष रूप से महिलाओं को संपत्ति सहित कई कानूनी अधिकारों में समान संरक्षण मिलेगा।

मुस्लिम महिलाओं को सामाजिक कुरीतियों से मिलेगी राहत

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यूसीसी सामाजिक समरसता, न्याय और महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनजातीय समाज की परंपराओं और अधिकारों की रक्षा के लिए उन्हें इस कानून के दायरे से बाहर रखा गया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष इस कानून को लेकर भ्रम फैलाने की कोशिश करेगा, इसलिए भाजपा विधायक तथ्यों और प्रमाणों के साथ लोगों के बीच जाएं और सही जानकारी दें। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यूसीसी का सबसे अधिक लाभ मुस्लिम महिलाओं को मिलेगा, जिन्हें कई सामाजिक कुरीतियों से राहत मिलेगी।

सरकार की उपलब्धियों को गांव-गांव पहुंचाए

बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विधायकों से अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों को मॉडल विधानसभा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए सरकार के पास धन की कोई कमी नहीं है। सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को गांव-गांव तक पहुंचाने के साथ जनता का फीडबैक भी सरकार तक पहुंचाना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेश बढ़ाने के लिए नियमों का सरलीकरण किया गया है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा देने के लिए नया सचिवालय बनाया जा रहा है और नीति आयोग ने निवेशकों के अनुकूल सुधारों के मामले में मध्यप्रदेश को देश में प्रथम स्थान दिया है।

विपक्ष के झूठ का तथ्यों के साथ जवाब दें

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि मध्य प्रदेश यूसीसी लागू कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विधायकों से कहा कि यूसीसी को लेकर फैलाई जा रही भ्रांतियों का तथ्यों के साथ जवाब दें और सरकार के साथ संगठन की गतिविधियों को भी प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाएं। बैठक में उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, राजेंद्र शुक्ल और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story