मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. यादव से बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने की सौजन्य भेंट
- मप्र की खेल प्रोत्साहन गतिविधियों के अध्ययन के लिए बिहार का दल मध्य प्रदेश भ्रमण पर
भोपाल, 18 दिसंबर (हि.स.)। बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह तथा बिहार के खेल महानिदेशक रविंद्रन शंकरन ने गुरुवार को मध्य प्रदेश प्रवास के दौरान भोपाल पहुंचकर मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुष्प गुच्छ, अंग वस्त्रम तथा स्मृति चिन्ह के रूप में धातु शिल्प के श्री राम दरबार भेंट कर बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह का अभिवादन किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव को बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने बोधि वृक्ष की प्रतिकृति तथा अंगवस्त्रम भेंट किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भेंट के दौरान मध्य प्रदेश में खेलों के प्रोत्साहन के लिए संचालित गतिविधियों की जानकारी दी। इस अवसर पर प्रदेश के खेल संचालक राकेश गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित थे।
दरअसल, मध्य प्रदेश में खेल गतिविधियों के विस्तार और खिलाड़ियों की क्षमता - प्रतिभा निखारने तथा राष्ट्रीय-अन्तरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के दृष्टिगत उनके सघन प्रशिक्षण के लिए संचालित गतिविधियों के अध्ययन के लिए बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह के नेतृत्व में बिहार का पांच सदस्यीय दल प्रदेश के दौरे पर है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव से भेंट के पहले बिहार के दल ने शूटिंग अकादमी, घुड़सवारी अकादमी, वॉटर स्पोर्ट्स सेंटर, टी.टी. नगर स्टेडियम, स्पोर्ट्स साइंस सेंटर आदि का भ्रमण किया। दल ने प्रदेश में ग्राम पंचायत, विकासखंड और जिला स्तर पर संचालित खेल प्रोत्साहन गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

