मप्रः मुख्यमंत्री ने लोक सेवा आयोग की परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को दी शुभकामनाएं
- युवा वर्ष 2027 में दो बार परीक्षा करवाने के लिए एग्जाम कैलेंडर तैयार, मुख्यमंत्री ने वादा पूरा किया
भोपाल, 20 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लोक सेवा आयोग की परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि हमने घोषणा की थी कि युवा वर्ष 2027 में मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) की राज्य सेवा परीक्षा वर्ष में दो बार आयोजित की जाएगी। आज इस संकल्प को धरातल पर उतारते हुए वर्ष 2027 का परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शुक्रवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि यह मध्य प्रदेश के युवाओं को लोक सेवा आयोग की परीक्षा की अपनी तैयारी की बेहतर योजना बनाने और अपने सपनों को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि हमारी सरकार पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

