शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से आत्मनिर्भर हो रहे हैं आम व्यक्ति: उप मुख्यमंत्री शुक्ल
- ग्राम पुरवा में आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर में 158 आवेदनों पर सुनवाई की गई
रीवा, 23 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि प्रदेश सरकार आम नागरिकों के लिए कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। शासन की इन कल्याणकारी योजनाओं से आम व्यक्ति आत्मनिर्भर हो रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल शुक्रवार को रीवा जिले के ग्राम पुरवा में आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर में आम जनता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान आप की सरकार आपके द्वारा अभियान की तरह है, इस अभियान के तहत शासन की कल्याणकारी योजनाए अंतिम छोर के व्यक्ति तक सीधे पहुंचती है। अभियान के अंतर्गत लगाए गए विभिन्न विभाग के स्टाल में जाकर व्यक्ति अपनी शिकायत एवं समस्याओं का निराकरण करा रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आज मंनगवा से रीवा जाने के लिए बाईपास बन गया है। पहले यह बाईपास ना होने से आए दिन सड़क दुर्घटना होती थी, आज शासन ने हर जगह बाईपास का निर्माण किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्राथमिक एवं स्वास्थ्य केंद्रों में 3 हजार बंध पत्र चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है। उन्होंने सभी व्यक्तियों से कहा कि वह बंध पत्र चिकित्सकों के साथ बेहतर व्यवहार करें।
उपमुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर का कारण एनीमिया है , ब्लड डोनेट कर हम एनीमिया पर काबू पा सकते हैं। आने वाले समय में रक्तदान करने के लिए लोगों को प्रेरित करने के लिए जन जागरूकता का अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने सभी व्यक्तियों से अपील की कि वह जीवन में एक बार रक्तदान अवश्य करें। उन्होंने कहा कि वह स्वयं अपने जीवन में अनेक बार रक्तदान कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आयुष्मान कार्ड से गरीब व्यक्तियों का 5 लाख तक का इलाज निशुल्क होता है, रीवा के सुपर स्पेशलिस्ट अस्पताल में भी आयुष्मान कार्ड के माध्यम से हजारों मरीज अपना इलाज करा कर स्वस्थ हुए हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासनिक अमला ब्लॉक जिला एवं संभाग में सक्रिय रहे और आम जनता की समस्याओं का निराकरण करें। समस्याओं के निराकरण से जनता में शासन के प्रति विश्वास की भावना बढ़ती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शासन के पास धन की कोई कमी नहीं है। शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर अब तक देश के 25 करोड लोग गरीबी रेखा से ऊपर आ चुके हैं और आज वह सभी लोग स्वाभिमान से अपना जीवन जी रहे हैं।उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अब हर गांव में प्रधानमंत्री आवास बनाए जाएंगे, अब तक देश में 4 करोड़ प्रधानमंत्री आवास बनाए जा चुके हैं और आगामी दिनों में 3 करोड़ प्रधानमंत्री आवास बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उपमुख्यमंत्री ने स्वामित्व योजना की जानकारी देते हुए कहां की आबादी भूमि पर घर बनाने वाले व्यक्तियों को पट्टे दिए गए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश अनुसार अब पट्टे की जमीन की रजिस्ट्री भी निशुल्क की जा रही है। रीवा जिले में स्वामित्व योजना में तेजी से कार्य किया जा रहा है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति अपने पट्टे की जमीन की रजिस्ट्री करने से वंचित न रहे।
इससे पहले उपमुख्यमंत्री शुक्ल ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर का शुभारंभ किया। शिविर में 158आवेदन प्राप्त हुए जिनमें से अधिकांश आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। ग्राम पुरवा में आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को मौके पर ही हित लाभ का वितरण किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

