मध्य प्रदेश में क्रिसमस की धूम, गिरजाघरों में उल्लास का माहौल

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश में क्रिसमस की धूम, गिरजाघरों में उल्लास का माहौल


इंदौर, 25 दिसंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में गुरुवार को क्रिसमस पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। सुबह से ही गिरजाघरों में उल्लास का माहौल रहा और ईसाई समाज के लोग प्रभु यीशु की विशेष आराधना में शामिल हुए। समाजजनों ने एक-दूसरे को केक खिलाकर पर्व की बधाई दी। क्रिसमस पर्व को लेकर गिरजाघरों में एक सप्ताह पहले से ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का दौर शुरू हो गया था। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात 12 बजे सभी जगह प्रभु यीशु का जन्मोत्सव मनाया गया और विशेष प्रार्थनासभा के बाद आतिशबाजी की गई।

क्रिसमस पर प्रदेशभर के गिरजाघर आकर्षक रोशनी से सजाए गए हैं। यहां बुधवार रात 12 बजे प्रभु ईसा मसीह के जन्मोत्सव के साथ ही विशेष आयोजन हुए। देर रात विशेष प्रार्थना सभाएं आयोजित की गईं और केक काटकर लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर क्रिसमस की शुभकामनाएं दी। चारों तरफ कैरोल गीतों की गूंज सुनाई दी। राजधानी भोपाल के सभी चर्च में प्रभु यीशु के जन्म को दर्शाने वाली सुंदर चरनियां बनाई गई हैं। प्रतीकात्मक रूप से चर्च के साथ-साथ कई घरों में भी चरनी सजाई गई हैं। इसी तरह इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर में भी क्रिसमस की तैयारियां छाई रहीं। प्रदेश के अलग-अलग शहरों में क्रिसमस उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। ईसाई समुदाय इस अवसर पर प्रेम, शांति और आपसी भाईचारे का संदेश प्रसारित कर रहा है।

गिरजाघर परिसरों में बनाई गई चरनी और झांकियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में युवा और श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। घास-फूस से बनी झोपड़ी में माता मरियम की गोद में बैठे बालक यीशु की छवि आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। लोग इन सुंदर दृश्यों के साथ सेल्फी लेने के लिए उत्साहित नजर आए। विभिन्न गिरजाघरों में बिशप और फादर के मार्गदर्शन में पवित्र मिस्सा अर्पित की गई। प्रार्थना के दौरान शहर और देश में शांति, बेहतर स्वास्थ्य और नई आशा के लिए दुआएं मांगी गईं। बच्चों ने नाटिका के माध्यम से प्रभु मसीह के जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं का प्रदर्शन किया। चर्च की गूंजती घंटियों और प्रार्थनाओं ने वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया है।

इंदौर में क्रिसमस पर सुबह से शहर के अलग-अलग चर्च में ईसाई परिवारों की भीड़ उमड़ी। पहले उन्होंने प्रार्थना की और फिर दूसरे को क्रिसमस पर्व की बधाई दी। रेड चर्च में सुबह साढ़े साथ बजे हिन्दी में प्रार्थना हुई। जिसमे बताया गया कि क्रिसमस ईश्वर के पुत्र यीशु का जन्म उत्सव है। उन्होंने सभी को प्रेम, आंनद और शान की बात कही। शहर के बाजारों में भी क्रिसमस पर्व की रौनक रही। ईसाई समुदाय के लिए यह पर्व सेवा और परोपकार का प्रतीक है। इस दौरान सांता क्लॉज की वेशभूषा में सजे बच्चों ने लोगों का मन मोह लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story