मप्रः चित्रकूट में बाढ़ के बाद युद्धस्तर पर सफाई, राहत और पुनर्वास के कार्य जारी

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः चित्रकूट में बाढ़ के बाद युद्धस्तर पर सफाई, राहत और पुनर्वास के कार्य जारी


मप्रः चित्रकूट में बाढ़ के बाद युद्धस्तर पर सफाई, राहत और पुनर्वास के कार्य जारी


सतना, 06 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिले के चित्रकूट में मंदाकिनी नदी के जलस्तर में कमी के बाद जनजीवन को पूरी तरह सामान्य करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा राहत, स्वच्छता और जन सुविधाओं के पुनर्बहाली के कार्य लगातार जारी हैं।

रविवार को जिला प्रशासन की विभिन्न टीमों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर साफ-सफाई, कीचड़ एवं रेत हटाने तथा स्वच्छता के कार्यो में श्रमदान भी किया। मंदाकिनी नदी का जलस्तर रविवार सुबह आरोग्यधाम के पास प्रातः 6 बजे 135.32 मीटर दर्ज किया गया, जबकि नदी का अधिकतम एचएफएल 139.60 मीटर है। जलस्तर में लगातार कमी दर्ज की जा रही है। प्रशासन द्वारा लगातार जलस्तर की निगरानी की जा रही है।

कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस एवं पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह ने रविवार को चित्रकूट पहुंचकर मंदाकिनी नदी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने भरत घाट, राघव प्रयाग घाट एवं नयागांव में बाढ़ से हुई नुकसानी का जायजा लिया तथा प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे राहत, सफाई एवं पुनर्बहाली के कार्यों का अवलोकन किया।

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से बाढ़ के बाद की स्थिति तथा प्रभावित क्षेत्रों में किए जा रहे राहत कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने भरत घाट, राघव प्रयाग घाट एवं नयागांव में सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और अन्य प्रभावित स्थानों पर चल रहे सफाई कार्यों को देखा तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर और एसपी ने मंदाकिनी नदी के नयागांव, राघव प्रयाग घाट की ओर स्थित घरों में भी बाढ का पानी घुसने से हुए नुकसान का अवलोकन किया तथा स्थानीय निवासियों से रूबरू बातचीत कर नियमानुसार हर संभव सहायता देने की बात कही। राघव प्रयाग घाट के साफ-साफ अभियान के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नगर निगम के अधिकारियों को सोमवार से सफाई अमला बढाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि नगर निगम की 50-50 सफाई कर्मियों की दो टीमें घाटों में संलग्न की जाये। जिनमें एक टीम भरत घाट की ओर तथा दूसरी टीम राघव प्रयाग घाट की ओर नदी के घाट की सफाई करेंगी। इस दौरान अपर कलेक्टर विकास सिंह, सीईओ जिला पंचायत शैलेंद्र सिंह तथा एसडीएम महिपाल सिंह गुर्जर सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

कलेक्ट्रेट के अधिकारी-कर्मचारियों ने किया श्रमदान

बाढ़ प्रभावित चित्रकूट के नदी घाटों एवं बस्तियों को शीघ्र स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य तथा साफ-सफाई कार्य को और गति देने के लिए जिला कलेक्ट्रेट सतना के अधिकारी-कर्मचारियों ने रविवार को चित्रकूट पहुंचकर श्रमदान में हिस्सा लिया। इनमें कलेक्ट्रेट की टीम द्वारा भरत घाट की रेत और मलबा हटाकर साफ-सफाई की गई। साथ ही भरत घाट मार्ग पर लोगों द्वारा घरों एवं दुकानों से निकालकर सड़क किनारे रखी गई कीचड़ और रेत को ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरकर हटाने में मदद की।

प्रातः 11 बजे से चित्रकूट पहुंची कलेक्ट्रेट की टीम ने भोजन अवकाश के बाद भी पुनः भरत घाट पहुंचकर सफाई कार्य में सहभागिता की और श्रमदान कर पूरे भरत घाट को साफ किया। इसी प्रकार जनपद पंचायत मझगवां के अधिकारियों एवं मैदानी कर्मचारियों तथा सरपंच-सचिवों की टीम द्वारा मंदाकिनी नदी के उस पार नयागांव बाजार क्षेत्र के 300 मीटर हिस्से में विशेष साफ-सफाई अभियान चला कर उसे साफ किया।

टीम ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय नयागांव की सफाई सहित सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर जमा कीचड़ एवं गाद हटाई। नगर परिषद चित्रकूट तथा नगर निगम सतना की सफाई टीमें भी चित्रकूट की गलियों, घाटों और अन्य प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सफाई कार्य में जुटी हुई हैं। बाढ़ के बाद स्वच्छता एवं संक्रमण की रोकथाम के लिए विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी किया जा रहा है। इसी क्रम में सियाराम कुटी के सामने मेन रोड पर ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया गया।

उद्यानिकी कार्यालय द्वारा 60 किट सूखा खाद्यान्न का सहयोग

मंदाकिनी नदी बाढ प्रभावित क्षेत्र के परिवारों को नगर परिषद की दीन दयाल रसोई में गुणवत्तायुक्त ताजा भोजन पैकेटों में तैयार कर हर मोहल्ले के लोगों को वितरित किया जा रहा है। इसी प्रकार बाढ प्रभावित क्षेत्र के लोगों के लिए सामाजिक व्यक्तियों, विभिन्न संगठनंों, समाज सेवियों एवं संस्थाओं द्वारा प्रदाय की जा रही राहत सामग्री को व्यवस्थित रूप से प्रभावितों तक पहुंचाने वन विभाग के गोदाम चित्रकूट विकास प्राधिकरण के पास स्टोर केन्द्र बनाया गया है। जहां से राहत सामग्री और सूखे खाद्यान्न के पैकेट बनाकर व्यवस्थित रूप से प्रभावित परिवारों तक पहुंचाया जा रहा है। रविवार को उप संचालक उद्यानिकी अनिल सिंह एवं स्टाफ द्वारा बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए 60 सूखा राशन किट उपलब्ध कराई गईं। प्रत्येक किट में 10 किलो चावल, 2 किलो दाल, 1 किलो खाद्य तेल और 1 किलो नमक शामिल है। इन राशन किटों के माध्यम से प्रभावित परिवारों को आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने में सहायता मिल रही है।

दीनदयाल रसोई में 24 घंटे तैयार हो रहा भोजन

मंदाकिनी बाढ़ प्रभावितों के लिए चित्रकूट की दीनदयाल रसोई 24 घंटे संचालित की जा रही है। यहां लगातार भोजन तैयार कर पैकेट के रूप में वाहनों के माध्यम से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचाया जा रहा है। राहत एवं सफाई कार्य में लगी प्रशासनिक टीमों द्वारा प्रभावित लोगों तक भोजन के पैकेट निरंतर पहुंचाए जा रहे हैं। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, एसपी हंसराज सिंह, अपर कलेक्टर विकास सिंह, सीईओ जिला पंचायत शैलेंद्र सिंह एवं एसडीएम महिपाल सिंह गुर्जर ने दीनदयाल रसोई पहुंचकर स्वयं भोजन ग्रहण किया और भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि बाढ़ प्रभावितों को वितरित किया जाने वाला भोजन गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित हो।

अब तक 3074 बाढ़ प्रभावितों को 1 करोड 58 लाख 64 हजार रुपये की सहायता

जिले में अतिवृष्टि और बाढ़ से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए प्रशासन द्वारा युद्धस्तर पर राहत एवं जनसुविधाओं के पुनर्बहाली कार्य किए जा रहे हैं। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस के नेतृत्व में राजस्व विभाग सहित विभिन्न विभागों की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सर्वेक्षण और राहत कार्यों में जुटी हैं। जिले में 6 सितंबर 2026 तक 3074 प्रभावित परिवार के प्रकरणों में 1 करोड़ 58 लाख 64 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत कर वितरित की जा रही है।

चार ट्रांसफार्मर प्रभावित, बिजली बहाली का काम जारी

बाढ़ के कारण वर्तमान में 4 ट्रांसफार्मर प्रभावित हैं, जिससे 272 उपभोक्ताओं की विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई है। करीब 42 विद्युत पोल की लाइन बाढ़ में बह गई है, जिनके पुनर्निर्माण और लाइन बहाली का कार्य जारी है। विद्युत विभाग द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। नयागांव राघव प्रयाग घाट में 11 केवी लाइन खडी करने का कार्य प्रगति पर है जबकि पुरानी लंका में लाइन सही करके डूबे डीटीआर को बदल कर चार्ज करने के सप्लाई बहाल कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story