छिंदवाड़ाः सावरवानी-तामिया की सुंदरता पर मोहित हुए राइडर्स, एडवेंचर टूरिज्म को मिली नई रफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
छिंदवाड़ाः सावरवानी-तामिया की सुंदरता पर मोहित हुए राइडर्स, एडवेंचर टूरिज्म को मिली नई रफ्तार


छिंदवाड़ाः सावरवानी-तामिया की सुंदरता पर मोहित हुए राइडर्स, एडवेंचर टूरिज्म को मिली नई रफ्तार


छिन्दवाडा, 03 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 10 दिवसीय विशेष मोटरसाइकिल एक्सपीडिशन का आगमन शनिवार को पर्यटन ग्राम सावरवानी और तामिया में हुआ। दोनों स्थानों की सुंदरता पर देश भर के 22 साहसी राइडर्स मोहित हुए। सावरवानी और तामिया होते हुए यह राइडर्स पेंच टाइगर रिजर्व पहुंचे हैं।

मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड और रॉयल एनफील्ड के बीच हुई साझेदारी के तहत यह यात्रा निकली है, इसका मुख्य उद्देश्य प्रदेश में अनुभव-आधारित और जिम्मेदार पर्यटन (रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म) को बढ़ावा देना है। दोनों संस्थाएं मिलकर नए क्यूरेटेड रूट्स तैयार करेंगी, जिससे न केवल पर्यटन के नए आयाम स्थापित होंगे, बल्कि स्थानीय समुदायों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी सृजित किए जाएंगे।

मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड के एंडवेचर टूरिज्म एडवाइजर केके सिंग के मार्गदर्शन में शनिवार सुबह सतपुड़ा के जंगलों से होते हुए यह राइडर्स तामिया के विश्व प्रसिद्ध रेस्ट हाउस पहुंचें, यहां जिला प्रशासन की तरफ से उनका स्वागत पर्यटन प्रबंधक गिरीश लालवानी ने किया। साथ ही जिले के संचालित होम स्टे, एस्ट्रो विलेज धूसावानी व अन्य पर्यटन स्थलों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

तामिया के पर्यटन एक्टिविस्ट पवन श्रीवास्तव ने राइडर्स को तामिया व पातालकोट के बारे में बताया। इस मौके पर माउंट एवरेस्ट फतह कर चुकीं पर्वतारोही तामिया की बेटी भावना डेहरिया विशेष रूप से उपस्थित थी। सुबह करीब एक घंटा तामिया में बिताने के बाद राइडर्स पेंच टाइगर रिजर्व के लिए रवाना हुए। इसके पूर्व राइडर्स ने सावरवानी में होम स्टे घूमे और लोक नृत्य का आंनद लिया।

उल्लेखनीय है कि 1,520 किलोमीटर लंबी इस यात्रा में देश-विदेश के कुल 22 राइडर्स भाग ले रहे हैं। इनमें महाराष्ट्र, दिल्ली, तमिलनाडु, कर्नाटक, मध्यप्रदेश, गुजरात, उत्तरप्रदेश, हरियाणा और केरल के प्रतिभागी शामिल हैं। यात्रा में फ्रांस के पेरिस से आईं 55 वर्षीय महिला राइडर फैबिएन क्रिस्टीन जैनिन ड्यूपुइस विशेष रूप से शामिल हुई हैं। वे प्रदेश के प्राकृतिक और वन्य जीव स्थलों को दोपहिया वाहन से करीब से देखने को लेकर बहुत उत्साहित दिखीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story