छिंदवाड़ा में सजा जैविक हाट, अधिकारियों एवं शहरवासियों ने की जैविक उत्पादों की खरीदारी

WhatsApp Channel Join Now
छिंदवाड़ा में सजा जैविक हाट, अधिकारियों एवं शहरवासियों ने की जैविक उत्पादों की खरीदारी


- किसानों के चेहरे खिले, आगामी रविवार को भी जैविक हाट लगाने का निर्णय

छिन्दवाडा, 06 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में शहरवासियों को ताजी, प्राकृतिक एवं जैविक कृषि उपज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को भी जैविक सब्जी हाट का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। हाट में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से किसान अपने प्राकृतिक एवं जैविक उत्पाद बिक्री के लिए लेकर पहुंचे, जिन्हें शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक खरीदा।

जैविक हाट में कृषक सेवंती बर्खानिया, तारण अड़क, रामचरण राउत, शिवचरण कुशवाहा, गुरुदयाल महारे, रामसुरेश वर्मा, लक्ष्मी चौरे, वीरन लाल यादव, गोविंद उइके, अनुराधा गाडरे, मटरू लाल डोंगरे, राहुल वसूले, आसाराम घागरे, भादे, भार्गव, संदीप धारे, राजेंद्र धारे एवं विश्वकर्मा सहित अन्य किसानों ने अपने उत्पादों का विक्रय किया।

हाट में किसानों द्वारा जैविक भिंडी, लौकी, बरबटी, हरी सेमी, मिर्ची, धनिया, प्याज, लहसुन, अदरक, करेला, पालक, लाल भाजी, बेबी कॉर्न, स्वीट कॉर्न, कुंदरू, सफेद बैंगन, हरा बैंगन, पपीता सहित विभिन्न प्रकार की ताजी सब्जियां एवं फल लाए गए। इसके अलावा खाने का तेल, मिलेट्स, जैविक दाल-चावल, विभिन्न प्रकार के घी, शहद, मट्ठा सहित अन्य प्राकृतिक उत्पाद भी उपलब्ध रहे।

हाट में कृषि उप संचालक मॉरिस नाथ, पशुपालन विभाग के उप संचालक डॉ. एच.जी.एस. पक्षवार, परियोजना संचालक आत्मा धीरज ठाकुर, अनुविभागीय अधिकारी नीलकंठ पटवारी, सहायक संचालक दीपक चौरसिया एवं सी.एम. अवस्थी, ब्लॉक टेक्नोलॉजी मैनेजर प्रिया काराड़े सहित अन्य कृषि कर्मचारी उपस्थित थे। अधिकारियों ने किसानों का उत्साहवर्धन करते हुए जैविक एवं प्राकृतिक उत्पादों की खरीदारी भी की। इस दौरान समाजसेवी जगदीश पवार सहित जिले के प्रतिष्ठित जैविक एवं प्राकृतिक किसान भी उपस्थित थे।

अधिकारियों द्वारा किसानों से सीधे जैविक उत्पाद खरीदने से किसानों का उत्साह बढ़ा। वहीं शहरवासियों ने भी बड़ी संख्या में हाट में पहुंचकर जैविक सब्जियों एवं अन्य प्राकृतिक उत्पादों की खरीदारी की। अच्छी बिक्री से किसानों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

किसानों ने कहा कि हमारे द्वारा प्राकृतिक एवं जैविक खेती में की जा रही मेहनत को शहरवासियों द्वारा खूब सराहा और पसंद किया जा रहा है। इससे हमें प्राकृतिक खेती को और बढ़ाने की प्रेरणा मिल रही है। किसानों ने निर्णय लिया है कि अब आगामी रविवार को भी भरपूर मात्रा में जैविक एवं प्राकृतिक सब्जियां तथा अन्य कृषि उत्पाद लेकर जैविक हाट में पहुंचेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story