छिंदवाड़ा में मृगनयनी मध्य प्रदेश प्रदर्शनी 2026 का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
छिंदवाड़ा में मृगनयनी मध्य प्रदेश प्रदर्शनी 2026 का शुभारंभ


- हस्तशिल्प और हथकरघा उत्पादों की सजी अनूठी प्रदर्शनी

छिन्दवाडा, 06 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में हस्तशिल्प एवं हथकरघा विकास निगम द्वारा आयोजित मृगनयनी मध्य प्रदेश प्रदर्शनी-2026 का शुभारंभ शनिवार देर शाम कलेक्टर हरेंद्र नारायन द्वारा होटल पूजा लॉन, परासिया रोड में किया गया।

यह प्रदर्शनी 6 जून से 16 जून 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से रात्रि 9 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी में मध्य प्रदेश की समृद्ध हस्तशिल्प एवं हथकरघा परंपरा को प्रदर्शित किया गया है। यहां चंदेरी की जरी एवं रेशम किनारी वाली साड़ियां, महेश्वरी साड़ियां, वारासिवनी एवं सौंसर की सिल्क बुनाई वाले वस्त्र, उज्जैन का बाटिक प्रिंट, धार जिले का प्रसिद्ध बाग प्रिंट तथा प्रदेश के विभिन्न जिलों के हस्तशिल्प एवं हथकरघा उत्पाद आकर्षण का केंद्र हैं।

प्रदर्शनी में प्रदेशभर से आए लगभग 30 से 35 कारीगर एवं शिल्पी अपने उत्कृष्ट हस्तनिर्मित उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय कर रहे हैं। इनमें चंदेरी की साड़ियां, महेश्वरी वस्त्र, खादी उत्पाद, बाग एवं बाटिक प्रिंट, जरी-जरदोजी कार्य, लेदर क्राफ्ट, दरी, ज्वेलरी, गोंड पेंटिंग, तुलसी माला, कॉटन परिधान तथा लकड़ी एवं खराद शिल्प जैसी विविध कलाएं शामिल हैं।

प्रदर्शनी में चंदेरी से मोहम्मद अतीय, मोहम्मद अजीम एवं शेख यूनूस, भोपाल से दीपक मराठे, विजय कुमार, शैलेन्द्र सेन, सुमेर सिंह, अफरोज जहां एवं अन्य शिल्पकार, महेश्वर से शावेज अंसारी, उज्जैन से सरिता गुप्ता, डिंडोरी से राजकुमार धुर्वे, देवास से दुलाल साहा, सीधी से सुकीसान, ग्वालियर से पिंकी एवं गति किरण शाक्य, नर्मदापुरम से सुजान शर्मा सहित अनेक कारीगर अपने उत्पादों के साथ पहुंचे हैं।

उद्घाटन अवसर पर प्रदर्शनी प्रभारी अरविंद शर्मा, मृगनयनी शोरूम प्रभारी बी.एस. वर्मा तथा बड़ी संख्या में बुनकर एवं शिल्पकार उपस्थित थे। आयोजकों ने जिलेवासियों से प्रदर्शनी में पहुंचकर मध्यप्रदेश की पारंपरिक कला, शिल्प एवं हस्तकरघा उत्पादों का अवलोकन करने तथा स्थानीय एवं पारंपरिक कारीगरों को प्रोत्साहित करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story