छिंदवाड़ाः लकड़ी के कारोबार का पंजीयन रद्द करने की धमकी, 3 हजार की रिश्वत लेते डिप्टी रेंजर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
छिंदवाड़ाः लकड़ी के कारोबार का पंजीयन रद्द करने की धमकी, 3 हजार की रिश्वत लेते डिप्टी रेंजर गिरफ्तार


छिंदवाड़ाः लकड़ी के कारोबार का पंजीयन रद्द करने की धमकी, 3 हजार की रिश्वत लेते डिप्टी रेंजर गिरफ्तार


छिंदवाड़ा, 13 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में लकड़ी के कारोबार से जुड़े पंजीयन की जानकारी पर हस्ताक्षर करने के बदले 3 हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने वनपाल और प्रभारी डिप्टी रेंजर सुनील बनवारी को रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई मंगलवार को जिले के बिछुआ स्थित आरोपी के शासकीय आवास पर की गई।

लोकायुक्त के अनुसार, बिछुआ निवासी मोखराम मालवीय के भाई लेखराम मालवीय के नाम पर इमारती लकड़ी के विनिर्माता एवं उपभोक्ता का पंजीयन है। फर्नीचर निर्माण के लिए अलग-अलग स्थानों से खरीदी जाने वाली लकड़ी की जानकारी हर तीन महीने में वन विभाग में जमा करनी होती है। आरोप है कि इस जानकारी पर हस्ताक्षर करने के बदले प्रभारी डिप्टी रेंजर सुनील बनवारी ने 3 हजार रुपए की मांग की थी। रकम नहीं देने पर पंजीयन रद्द करने की धमकी देने का भी आरोप है।

शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया। शिकायतकर्ता ने आरोपी के शासकीय आवास पर जैसे ही कथित रिश्वत राशि दी, टीम ने उसे पकड़ लिया। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत धारा 7, 13(1)(B) और 13(2) में कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई निरीक्षक जितेंद्र यादव के नेतृत्व में निरीक्षक राहुल गजभिए और लोकायुक्त दल ने की। लोकायुक्त संगठन ने आमजन से अपील की है कि कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत मांगे तो इसकी शिकायत संगठन से करें। हिन्दुस्थान समाचार/sandeep singh chouhan

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / sandeep chowhan

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760405 Articles

Share this story