छिंदवाड़ाः लाइनमैन दिवस पर 44 कर्मचारियों का हुआ सम्मान
- सांसद साहू व जनप्रतिनिधियों ने सुरक्षा के साथ कार्य करने का दिया संदेश
छिन्दवाडा, 07 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड छिंदवाड़ा द्वारा विद्युत मंत्रालय भारत सरकार तथा ऊर्जा विभाग म.प्र. शासन के निर्देशानुसार आज शनिवार को खजरी चौक स्थित प्रशासनिक भवन परिसर में लाइनमैन दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें 44 लाइनमैनों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छिंदवाड़ा सांसद विवेक बंटी साहू, शेषराव यादव तथा नगर निगम महापौर विक्रम अहके सहित जनप्रतिनिधि, ठेकेदार प्रतिनिधि, आउटसोर्स एजेंसी के प्रतिनिधि और वरिष्ठ लाइन कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम में वृत्त के अधीक्षण अभियंता सुनील कुमार सिन्हा, एसबी इनवाती, कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद साहू एवं अन्य जनप्रतिनिधियों तथा वृत्त के अधीक्षण अभियंता द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले 44 लाइनमैनों को मुख्य अतिथि सांसद साहू, यादव, महापौर अहके तथा अधीक्षण अभियंता सिन्हा द्वारा मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया गया।
सांसद साहू ने सभी लाइन कर्मचारियों को संबोधित करते हुए सुरक्षित तरीके से कार्य करने के लिए प्रेरित किया तथा जिले में गुणवत्तापूर्ण विद्युत प्रदाय सुनिश्चित करने के लिये उनका आभार व्यक्त किया। साथ ही सभी लाइन कर्मचारियों को विद्युत सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में उपस्थित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। अधीक्षण अभियंता सिन्हा द्वारा कंपनी के प्रबंध संचालक श्री अजय गुप्ता (आई.ए.एस.) का संदेश भी वाचन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि सांसद साहू एवं जनप्रतिनिधिगण तथा वृत्त अधीक्षण अभियंता द्वारा अपने वक्तव्य में लाइनमैनों के कार्यों की सराहना करते हुये विद्युत सुरक्षा और अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए कार्य करने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर कार्यालय द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और आपात स्थिति में जीवनरक्षक प्रक्रिया सीपीआर (CPR) के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में कार्यपालन अभियंता मुकेश चौरे ने आभार व्यक्त करते हुए सभी लाइन कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरणों के साथ सुरक्षा मानकों के अनुरूप कार्य करने की सलाह दी और उपस्थित सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

