छिंदवाड़ाः मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत मथुरा-वृंदावन तीर्थ यात्रा के लिए 196 तीर्थ यात्री रवाना
- जनप्रतिनिधियों-अधिकारियों ने पुष्पमाला पहनाकर शुभकामनाओं के साथ तीर्थ यात्रियों को किया रवाना
छिन्दवाडा, 30 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश में संचालित मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत रविवार को छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन से जिले के 196 यात्रियों को लेकर मथुरा-वृंदावन तीर्थ स्थल के लिये विशेष ट्रेन रवाना हुई। क्षेत्रीय सांसद विवेक बंटी साहू व अन्य जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर तीर्थ यात्रियों की ट्रेन को रवाना किया।
इस अवसर पर छिंदवाड़ा-पांढुर्णा सांसद साहू ने रेलवे स्टेशन छिंदवाड़ा पर तीर्थ यात्रियों का पुष्पमाला से स्वागत किया तथा सभी वरिष्ठ तीर्थ यात्रियों को मथुरा-वृंदावन की पावन तीर्थ यात्रा के लिए मंगलमय एवं सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर बताया गया कि तीर्थ यात्रा में छिंदवाड़ा जिले से 196 तीर्थ यात्री, 4 अनुरक्षक, 1 चिकित्सक, 1 फार्मासिस्ट एवं 5 सुरक्षाकर्मी यात्रियों की सुविधा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के लिए साथ रवाना हुए हैं। यात्रा के दौरान तीर्थ यात्रियों को आवश्यक सुविधाएं एवं व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित दल भी उनके साथ रहेगा। इस विशेष तीर्थ यात्रा में छिंदवाड़ा जिले के साथ-साथ सिवनी, पांढुर्णा एवं बैतूल जिले के तीर्थ यात्री भी सम्मिलित होकर मथुरा-वृंदावन के पावन तीर्थ स्थलों के दर्शन के लिये रवाना हुए हैं। तीर्थ यात्रियों के प्रस्थान के अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सुधीर जैन और डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी अधिकारी राहुल कुमार पटेल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। जिला प्रशासन द्वारा तीर्थ यात्रियों को सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

