मप्र के छतरपुर में 70 फीट गहरे कुएं में ट्रैक्टर समेत गिरे पिता-पुत्र, दोनों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
मप्र के छतरपुर में 70 फीट गहरे कुएं में ट्रैक्टर समेत गिरे पिता-पुत्र, दोनों की मौत


- धनतेरस पर खरीदा था नया वाहन, खेत की जुताई करते समय हुआ हादसा

छतरपुर, 22 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के ग्राम हतना में रविवार शाम करीब चार बजे खेत की जुताई करते समय ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर 70 फीट गहरे कुएं में जा गिरा। हादसे में किसान संतोष यादव (37) और उनके 10 साल के बेटे की मौत हो गई। घटना के समय संतोष की 12 वर्षीय बेटी राशि भी खेत में मौजूद थी। उसने अपनी आंखों के सामने पिता और भाई को ट्रैक्टर समेत कुएं में गिरते देखा।

पुलिस के अनुसार, ग्राम हतना निवासी किसान संतोष यादव ने धनतेरस पर ही नया ट्रैक्टर खरीदा था। , वे ट्रैक्टर चलाना सीख रहे थे और उन्हें इसे चलाने का ज्यादा अनुभव नहीं था। रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे खेत की जुताई करते समय ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर 70 फीट गहरे कुएं में जा गिरा। कुएं में लगभग 40 फीट पानी भरा था। सूचना मिलते ही ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे। बचाव दल ने मोटर पंपों की मदद से कुएं का पानी निकालना शुरू किया। शाम करीब 6:30 बजे एसडीआरएफ की छह सदस्यीय टीम भी पहुंच गई। करीब साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद रात 7:40 बजे क्रेन की मदद से ट्रैक्टर बाहर निकाला गया। इसके बाद बच्चे का शव निकाला गया, जबकि करीब दो घंटे बाद पिता का शव भी बरामद हुआ।

हादसे के समय संतोष की बड़ी बेटी राशि खेत में मौजूद थी। उसने पिता और छोटे भाई को ट्रैक्टर सहित कुएं में गिरते देखा तो चीख-पुकार मचाने लगी। उसने खेत में सिंचाई कर रहे अपने बड़े पिता देशराज यादव को आवाज लगाई। देशराज, संतोष के बड़े भाई हैं। बच्ची की आवाज सुनकर वे मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों व पुलिस को घटना की जानकारी दी।

मृतक की पत्नी रामदेवी के मुताबिक, संतोष बेटे के साथ खेत में ट्रैक्टर से जुताई कर रहे थे। इसी दौरान वाहन अचानक कुएं की ओर बढ़ा और दोनों उसके साथ अंदर गिर गए। कुएं की मुंडेर भी नहीं बनी हुई थी।

हादसे में जान गंवाने वाला 10 वर्षीय बालक कक्षा तीसरी में पढ़ता था। वह परिवार में दो बहनों आयुषी (14) और राशि (12) के बीच इकलौता बेटा था। पति और बेटे को एक साथ खोने के बाद रामदेवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में संतोष की वृद्ध मां और दो बेटियां हैं।

घटना की जानकारी मिलने पर विधायक ललिता यादव भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर परिजनों को सांत्वना दी। ओरछा रोड थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781620 Articles

Share this story