मप्रः मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने ली राजनीतिक दलों की बैठक, वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने के अभियान की दी जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने ली राजनीतिक दलों की बैठक, वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने के अभियान की दी जानकारी


- मतदाता सूची में छूटे हुए एवं प्रथम बार/युवा पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान जारी

भोपाल, 13 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में फोटो निर्वाचक नामावली में छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम शामिल करने एवं मतदाता सूची को अद्यतन करने के संबंध में मंगलवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी झा ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे हुए नागरिकों एवं प्रथम बार/युवा पात्र मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली में शामिल करने के लिए निरन्तर अद्यतन प्रक्रिया के तहत विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से मतदाता सूची को अद्यतन करने के कार्य में सहयोग करने का आग्रह किया।

फॉर्म-6 से होगा नए मतदाताओं का पंजीयन

बैठक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी झा ने बताया कि प्रथम बार पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने का कार्य अभियान चलाकर किया जा है। पात्र नागरिक निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ आवश्यक जानकारी एवं दस्तावेज निर्धारित नियमों के अनुसार उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। यह भी स्पष्ट किया गया कि फॉर्म-6 जमा करने के बाद अलग से घोषणा-पत्र (डिक्लेरेशन फॉर्म) प्रस्तुत करने की आवश्यकता नहीं है।

प्रत्येक जिले में चलाया जा रहा विशेष अभियान

बैठक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी झा ने बताया कि नए एवं पंजीकरण से छूटे पात्र मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रत्येक जिले में विशेष अभियान आयोजित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य पात्र नागरिकों को पंजीयन प्रक्रिया की जानकारी देकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने हेतु आवेदन प्राप्त करना तथा आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने में सहायता प्रदान करना है। इसके लिए तहसील स्तर पर एस.डी एम./तहसीलदार एवं जिला स्तर पर संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारी के माध्यम से आवश्यक सहयोग दिया जा रहा है।

बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी आर.पी.एस. जादौन तथा उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी संजय श्रीवास्तव, राजेश यादव एवं वीरेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे। बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, इन्डियन नेशनल कांग्रेस, कम्युनिष्ट पार्टी आफ इण्डिया एवं बहुजन समाज पार्टी के प्रतिनिधि शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760284 Articles

Share this story