मप्र के आलीराजपुर में एक करोड़ के गांजे के पौधे जब्त, 4 थानों की टीम ने दो खेतों में दी दबिश
आलीराजपुर, 11 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आलीराजपुर जिले में पुलिस ने रविवार को अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर की सूचना पर चार थानों की संयुक्त टीम ने ग्राम छोटा इटारा के डुडवा फलिया में दो खेतों पर दबिश दी। यहां से गांजे के 2040 पौधे जब्त किए गए। इनका कुल वजन 2079 किलोग्राम और अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम छोटा इटारा के डुडवा फलिया स्थित दो खेतों में गांजे की खेती की जा रही है। इसके बाद रविवार सुबह करीब 7 बजे आम्बुआ, उदयगढ़, आजाद नगर और जोबट थानों की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। पुलिस ने दोनों खेतों से गांजे के पौधे जब्त किए। जब्त पौधों की मात्रा को देखते हुए इसे जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं।
जोबट के एसडीओपी आशुतोष पटेल ने बताया कि मामले में मुकाम चौहान (44) पुत्र रत्निया चौहान और जगन (50) पुत्र गुलसिंह दोनों निवासी छोटा इटारा के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए गए हैं। दोनों पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत अलग-अलग अपराध पंजीबद्ध किए गए हैं। इनमें अपराध क्रमांक 299/26 और 300/26 शामिल हैं।
2079 किलो पौधे जब्त, कीमत एक करोड़ रुपये
उन्होंने बताया कि दोनों खेतों से कुल 2040 गांजे के पौधे जब्त किए गए हैं। इनका कुल वजन 2079 किलोग्राम है। जब्त मशरूका की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने दोनों मामलों में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

