कनाडा से उज्जैन के छात्र गुरकीरत का शव आने की उम्मीद जागी, एम्बेसी ने भेजा ईमेल

WhatsApp Channel Join Now
कनाडा से उज्जैन के छात्र गुरकीरत का शव आने की उम्मीद जागी, एम्बेसी ने भेजा ईमेल


कनाडा से उज्जैन के छात्र गुरकीरत का शव आने की उम्मीद जागी, एम्बेसी ने भेजा ईमेल


उज्जैन, 23 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर में पार्श्वनाथ कॉलोनी निवासी गुरकीरत सिंह मनोचा की कनाड़ा में हुई हत्या के बाद उसका शव भारत आने की उम्मीद जागी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के हस्तक्षेप के बाद पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया तेज हो गई है।

मृतक गुरकीरत सिंह परिजन के अनुसार, सोमवार को कनाडा एम्बेसी की ओर से एक ईमेल प्राप्त हुआ है, जिसमें आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर आगामी 2 से 3 दिनों के भीतर शव भारत भेजने की बात कही गई है। संभावना है कि गुरुवार तक पार्थिव शरीर उज्जैन पहुंच सकता है।

गौरतलब है कि उज्जैन निवासी गुरकीरत सिंह मनोचा की 14 मार्च 2026 को कनाडा के फोर्ट सेंट जॉन (ब्रिटिश कोलंबिया) में यूनिवर्सिटी में कुछ लोगों ने हत्या कर दी थी। घटना के बाद से ही परिजन शव को उज्जैन लाने के लिए प्रयासरत थे। गत 15 मार्च को मामला मीडिया में आने के बाद 16 मार्च को जिला कलेक्टर रोशन सिंह और पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने परिजनों से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया और पूरी जानकारी शासन तक पहुंचाई।

परिजनों ने कनाडा जाकर अंतिम संस्कार करने में असमर्थता जताते हुए मदद की गुहार लगाई थी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, विदेश मंत्री को ईमेल भी किया था। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी अनुरोध किया था। उन्होंने कहा था कि या तो सरकार उनकी मदद से परिवार के दो सदस्यों को कनाडा भेजे या फिर शव को उज्जैन लाने की व्यवस्था की जाए।

कनाडा सरकार ने शव देने के लिए करीब 40 हजार डॉलर (लगभग 35 लाख रुपये) जमा कराने को कहा था। इसके साथ ही परिजनों ने बताया कि पार्थिव शरीर को कनाडा से उज्जैन लाने में करीब 10 लाख रुपये का अतिरिक्त खर्च आएगा। इतना खर्च वहन करना उनके बस में नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story