मप्र: जगदीशपुर में आज कैबिनेट बैठक, यूसीसी के प्रस्ताव को मिलेगी मंजूरी
- मुख्यमंत्री 10.54 लाख किसानों को अंतरित करेंगे 1460.25 करोड़ की राशि
भोपाल, 19 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आज रविवार को जगदीशपुर (पुराना इस्लामनगर) में कैबिनेट बैठक होगी, जिसमें समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के ड्राफ्ट को मंजूरी मिल सकती है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. यादव जगदीशपुर से 10.54 लाख किसानों के खातों में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की राशि 1460.25 करोड़ अंतरित करेंगे। इसी दिन जगदीशपुर में मंत्रि-परिषद की बैठक भी होगी।
जनसम्पर्क अधिकारी अवनीश सोमकुअर ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के आरंभ वर्ष से वर्ष 2024-25 तक 30,942.34 करोड़ रुपये का भुगतान प्रभावित कृषकों को किया गया है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना भारत सरकार की एक महत्वाकांक्षी एवं महत्वपूर्ण योजना है। प्राकृतिक आपदाओं के कारण फसल क्षति होने पर कृषकों को बीमा दावा भुगतान कर उनके वित्तीय हितों की रक्षा करना ही इस योजना का प्रमुख उद्देश्य है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस बार अल-नीनो प्रभाव के कारण अच्छे मानसून का अनुमान नहीं है। ऐसी स्थिति में किसान भाई अपनी अधिसूचित फसलों का बीमा निर्धारित तिथि से पूर्व करा लें, जिससे उपज में हानि होने पर वित्तीय सहायता प्राप्त हो सके। मध्य प्रदेश सरकार हर परिस्थिति में कृषकों के साथ है एवं कृषकों के हित के लिए निरन्तर कार्य कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

