मप्रः पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के परिजनों को बम से उड़ाने की धमकी

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के परिजनों को बम से उड़ाने की धमकी


टीकमगढ़/भोपाल, 24 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के परिजनों को टीकमगढ़ में बम से उड़ाने की धमकी मिली है। उनकी बहू और जिला पंचायत अध्यक्ष उमिता राहुल लोधी ने देहात थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटनाक्रम 22 फरवरी की रात का है। मंगलवार को उमिता लोधी ने मामले की जानकारी मीडिया से साझा की। उन्होंने बताया कि 21 फरवरी को सोशल मीडिया (फेसबुक) पर एक पोस्ट साझा की थी। इसी पोस्ट पर 22 फरवरी की रात करीब 10:30 बजे जीडब्ल्यू बृजेंद्र कुशवाहा नामक आईडी से एक विवादित कमेंट आया। इसमें उन्हें और उनके पति, पूर्व मंत्री राहुल लोधी को जान से मारने और बम से उड़ाने की खुली धमकी दी गई थी।

उन्होंने बताया कि ब्रिजेंद्र कुशवाह नाम की आईडी से कमेंट किया गया था कि तेरे बेटे को भुगतना है। हमारे पास हाईड्रोजन बम है। हम बनाना जानते हैं...नेताओं को हम खुद ही मारेंगे, तुम लोगों को ही मार के लेकर जाएंगे...हाईड्रोजन बम से 30 दिन बाद फोडूंगा, हमें ढूंढने से पहले भ्रष्टाचारियों को खोजों तो खैर है... वरना हम कुछ भी कर सकते हैं। उमिता लोधी ने सतर्कता दिखाते हुए तुरंत कमेंट का स्क्रीनशॉट ले लिया। इस धमकी के महज आधे घंटे बाद रात करीब 11 बजे दो अज्ञात नकाबपोश युवक उनके देहात थाना स्थित बंगले पर पहुंच गए।

उमिता लोधी ने बताया कि जब उन्होंने छज्जे से नीचे देखा, तो युवकों ने उन्हें देखते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दोहराई। इन युवकों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। उमिता लोधी ने उन्हें छज्जे से देखा। आरोप है कि युवकों ने उन्हें देखते ही गालियां देना शुरू कर दिया और जान से मारने की धमकी दोहराई। उमिता लोधी के शोर मचाने पर एक अन्य व्यक्ति अमर सिंह मौके पर पहुंचे, तब तक दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए। चेहरे ढके होने के कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी। इस घटना की जानकारी उन्होंने तत्काल अपने पति राहुल सिंह लोधी को दी।

उमिता ने अगले दिन, 23 फरवरी को देहात थाने पहुंचकर पूरी घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 296(बी), 351(3), और 3(5) के तहत FIR दर्ज की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बंगले और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। इसके साथ ही, साइबर पुलिस की टीम उस सोशल मीडिया आईडी की जांच में जुट गई है, जिससे यह धमकी दी गई थी। पूर्व विधायक राहुल सिंह लोधी ने घटना की पुष्टि करते हुए आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story