इंदौर की स्व. प्रतिभा भोसले का देहदान, नेत्रदान एवं त्वचा दान संपन्न, पुलिस ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर की स्व. प्रतिभा भोसले का देहदान, नेत्रदान एवं त्वचा दान संपन्न, पुलिस ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर


इंदौर की स्व. प्रतिभा भोसले का देहदान, नेत्रदान एवं त्वचा दान संपन्न, पुलिस ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर


- अंगदान और देहदान पुनीत कार्य, दूसरों को नया जीवन देने का बनता है माध्यम

इंदौर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन द्वारा अंगदान, देहदान एवं नेत्रदान को प्रोत्साहित कर समाज में जनजागरूकता बढ़ाने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। अंगदान और देहदान मानवता की सेवा का ऐसा पुनीत कार्य है, जिसके माध्यम से जरूरतमंद लोगों को नया जीवन और अनेक लोगों को नई रोशनी मिल सकती है। यह मानवीय संवेदना, परोपकार और समाज के प्रति उत्तरदायित्व का अनुकरणीय उदाहरण है।

इसी भावना को साकार करते हुए इंदौर के गोयल एवेन्यू निवासी 68 वर्षीय स्वर्गीय प्रतिभा अनिल भोसले का देहदान, नेत्रदान एवं त्वचा दान सोमवार को संपन्न हुआ। उनका देहदान मानसरोवर आयुर्वेदिक कॉलेज भोपाल में, नेत्रदान एमके इंटरनेशनल आई बैंक इंदौर में तथा त्वचा दान चोइथराम स्किन बैंक इंदौर में किया गया। उनके इस निर्णय से चिकित्सा शिक्षा, नेत्रदान और त्वचा दान के माध्यम से मानव सेवा को प्रोत्साहन मिलेगा।

इस पुनीत कार्य में दिवंगत प्रतिभा भोसले के पति अनिल भोसले के साथ ही तरुण मिश्रा का महत्वपूर्ण सहयोग एवं समन्वय रहा। परिवार द्वारा इस मानवीय कार्य में सहभागिता निभाना समाज के लिए प्रेरणादायी है। यह पहल संदेश देती है कि जीवन के बाद भी मानव शरीर दूसरों के कल्याण में उपयोगी हो सकता है और किसी जरूरतमंद के जीवन में आशा की नई किरण जगा सकता है।

अंतिम विदाई के अवसर पर मध्य प्रदेश शासन के आदेशानुसार दिवंगत प्रतिभा अनिल भोसले के सम्मान में इंदौर पुलिस दल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। यह सम्मान उनके देहदान, नेत्रदान एवं त्वचा दान के माध्यम से मानवता की सेवा के लिए किए गए योगदान के प्रति आदर व्यक्त करने का प्रतीक रहा।

मुस्कान ग्रुप पारमार्थिक ट्रस्ट, इंदौर ने इस पुनीत कार्य को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए अंगदान एवं देहदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759806 Articles

Share this story