मप्र के शिवपुरी में कुएं में मिले लापता मां-बेटे के शव, महिला ने दुपट्टे से बच्चे को बांध रखा था
शिवपुरी, 29 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम पुलिस लाइन के नीचे स्थित पीपल वाले कुएं में महिला और उसके 6 साल के बेटे के शव मिले। महिला ने बेटे को दुपट्टे से अपने शरीर से बांध रखा था। दोनों सोमवार रात से लापता थे।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान शिवानी (33) पत्नी भूपेंद्र विश्वकर्मा, निवासी एलआईसी ऑफिस के पीछे करैरा, और उसके 6 वर्षीय बेटे भोलू के रूप में हुई है। शिवानी की शादी करीब 8 साल पहले हुई थी। वह पिछले करीब डेढ़ महीने से पति से अलग रह रही थी। पुलिस आत्महत्या के साथ हत्या समेत अन्य पहलुओं से भी जांच कर रही है।
परिजनों के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद चल रहा था। महिला कभी मायके तो कभी ननद के घर रुकती थी। उसका पति दिल्ली में मजदूरी करता था और घटना के समय दिल्ली में ही था। मंगलवार दोपहर कुएं की तरफ से दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों ने अंदर देखा। महिला और बच्चे के शव दिखाई देने पर पुलिस को सूचना दी गई। करैरा थाना प्रभारी विनोद छाबई के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकाला गया।
थाना प्रभारी विनोद छाबई ने बताया कि घरेलू विवाद के चलते महिला द्वारा बेटे के साथ कुएं में कूदकर आत्महत्या किए जाने की आशंका है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। दोनों शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए हैं। बुधवार को पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

