अटल जी को साहसिक निर्णयों के लिए हमेशा याद रखेगा देश : डॉ. मोहन यादव

WhatsApp Channel Join Now
अटल जी को साहसिक निर्णयों के लिए हमेशा याद रखेगा देश : डॉ. मोहन यादव


अटल जी को साहसिक निर्णयों के लिए हमेशा याद रखेगा देश : डॉ. मोहन यादव


- मुख्यमंत्री ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में अटल जी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन कर किया अवलोकन

भोपाल, 25 दिसंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हम सबके लिए और सौभाग्य की बात है कि जनसंघ के जमाने से पूरे देश में श्रद्धेय अटल जी ने अपनी बड़ी भूमिका निभाई। मध्य प्रदेश में संविद सरकार के समय श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी, राजमाता विजयाराजे सिंधिया, श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे के साथ राष्ट्रवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने में अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी को अनेक साहसिक निर्णय लेने के लिए देश हमेशा याद रखेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार शाम भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके जीवन पर आधारित प्रदर्शनी के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल के साथ प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस अवसर पर प्रदेश के सभी जिला कार्यालयों सहित बूथ स्तर पर प्रदेश शासन के मंत्री, पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ताओं ने अटलजी को श्रद्धासुमन अर्पित कर याद किया। जिला कार्यालयों में प्रदर्शनियां भी लगाई गई।

अटल जी का व्यक्तित्व और कृतित्व सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत - डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उनकी कर्मभूमि लखनऊ में उन्हें स्मरण किया है। श्रद्धेय अटल जी की जन्मभूमि ग्वालियर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दो लाख करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण किया। आज प्रदेश कार्यालय में श्रद्धेय अटलजी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। प्रदर्शनी में उनके बाल्यकाल से लेकर हर पक्ष को बेहतर तरीके से दर्शाया गया। उन्होंने किस प्रकार अपना सारा जीवन राष्ट्र को समर्पित किया, यह भी प्रदर्शनी में दिखाया गया है।

उन्होंने कहा कि श्रद्धेय अटलजी ऐसे व्यक्तित्व थे कि हर राजनीतिक दल का व्यक्ति उनका सम्मान करता था। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व हम सभी के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा। भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने राजनीति में रहते हुए समाज सेवा, राष्ट्र सेवा और एक महान विचारक के रूप में अतुलनीय योगदान दिया। राष्ट्र धर्म के वैचारिक अनुष्ठान के लिए पूर्णकालिक बनकर भारत रत्न श्रद्धेय अटल जी जब संयुक्त राष्ट में पहुंचे तो हिंदी में अपनी बात रखकर वैश्विक स्तर पर हिंदी व भारत का मान बढ़ाने का कार्य किया। हमारी सरकार द्वारा श्रद्धेय अटल जी के सर्वहारा वर्ग के कल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाते हुए सभी समाज वर्ग के कल्याण के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। उनकी जन्मशताब्दी पर उद्योग-रोजगार वर्ष का आयोजन किया गया, जिसका समापन आज ग्वालियर में हुआ है।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार गौशालाओं के साथ प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दे रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रीवा के बसामन मामा गौशाला भी आज गए थे, जहां प्राकृतिक खेती की जाती है। प्राकृतिक खेती से हम जीयो और जीने दो के सिद्धांत को भी प्रतिपादित कर रहे हैं। देश को परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र बनाने, कारगिल में विजय दिलाने के साथ कई साहसिक निर्णयों के लिए देश उन्हें हमेशा याद रखेगा।

अटल जी का संपूर्ण जीवन लोकतांत्रिक मानवीय मूल्यों को समर्पित रहाः खण्डेलवाल

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने भारत रत्न, युगदृष्टा और राष्ट्रनायक श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि श्रद्धेय अटल जी केवल भारत के प्रधानमंत्री नहीं थे, वे भारत की आत्मा की आवाज थे। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा, लोकतांत्रिक मर्यादाओं और मानवीय मूल्यों को समर्पित रहा। मध्य प्रदेश उनकी मातृभूमि थी, मध्य प्रदेश से उनका विशेष लगाव था। श्रद्धेय अटल जी एक साहसिक निर्णय लेने वाले राजनेता थे। आज हम सभी उन्हें याद करते हैं। जैसा जीवन उन्होंने जीया, वैसा जीवन जीते हुए हर कार्यकर्ता कार्य करें तो पार्टी संगठन बहुत बुलंदियों तक पहुंच जाएगा।

उन्होंने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों में राष्ट्रभक्ति की गहराई और निर्णयों में अद्भुत दूरदर्शिता थी। यही कारण है कि उनका सम्मान केवल समर्थकों ने ही नहीं, बल्कि उनके राजनीतिक विरोधियों ने भी किया। वे ऐसे विरले नेता थे, जिन्होंने संवाद, सहमति और संवेदनशीलता के माध्यम से लोकतंत्र को मजबूत किया। परमाणु शक्ति संपन्न भारत का साहसिक निर्णय, देश भर में सड़क, संचार और आधारभूत संरचना का विस्तार हो या भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाने का कार्य श्रद्धेय अटल जी का प्रत्येक कदम राष्ट्रहित से प्रेरित रहा।

इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, प्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग, पार्टी के प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे, प्रदेश मंत्री लोकेन्द्र पाराशर, राजेन्द्र सिंह राजपूत, राजो मालवीय, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन, सांसद आलोक शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी, महापौर मालती राय, जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति सहित पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story