ऑल इंडिया मुस्लिम त्यौहार कमेटी ने चलाया जागरूकता अभियान, भारतीय संस्कृति को बचाने का आह्वान

WhatsApp Channel Join Now
ऑल इंडिया मुस्लिम त्यौहार कमेटी ने चलाया जागरूकता अभियान, भारतीय संस्कृति को बचाने का आह्वान


भोपाल, 19 दिसंबर (हि.स.)। ऑल इंडिया मुस्लिम त्यौहार कमेटी द्वारा भारतीय संस्कृति और पारंपरिक मूल्यों की रक्षा के उद्देश्य से राजधानी भाेपाल में शुक्रवार काे “पश्चिमी सभ्यता के खिलाफ जन-जागरूकता अभियान” की शुरूआत की गई, जिसमें संस्कृति संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि इस मुहिम का उद्देश्य किसी विशेष समुदाय या त्योहार का विरोध करना नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि सभी उत्सव भारतीय परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों के अनुरूप मनाए जाएं। उन्होंने कहा कि भारतीय सभ्यता में उत्सव आनंद और संस्कार का प्रतीक रहे हैं, न कि नग्नता और भड़काऊ प्रस्तुतियों का।

कार्यक्रम के दौरान कमेटी के संरक्षक शमशुल हसन ने कहा कि हमारी भारतीय संस्कृति विश्व की सबसे प्राचीन और महान संस्कृति है, इसे सुरक्षित रखना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी सभ्यता के प्रभाव से भारतीय संस्कारों और पारिवारिक मूल्यों को क्षति पहुँच रही है, इसलिए समाज को जागरूक होना होगा। शमशुल हसन बल्ली ने कहा कि यह मुहिम केवल मध्य प्रदेश तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे देश में निरंतर जारी रहेगी। ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी उन सभी गतिविधियों का विरोध करती आई है जो देश, संस्कृति और समाज के नैतिक मूल्यों के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि आज पश्चिमी सभ्यता के नाम पर युवाओं के सामने जिस तरह की नग्नता और अश्लीलता परोसी जा रही है, उसका सीधा असर हमारी नई पीढ़ी, बहनों और बेटियों पर पड़ रहा है। इसे रोकना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष तनवीर कुरेशी, प्रदेश मीडिया प्रभारी आरिफ खान, सहित बड़ी संख्या में आमजन एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।समिति द्वारा आगे भी इस अभियान को जारी रखते हुए समाज के विभिन्न वर्गों तक संस्कृति संरक्षण का संदेश पहुँचाने की बात कही गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story