भोपालः मुगालिया हाट में लगा जनकल्याण शिविर, 30 ग्राम पंचायतों के नागरिक हुए लाभान्वित

WhatsApp Channel Join Now
भोपालः मुगालिया हाट में लगा जनकल्याण शिविर, 30 ग्राम पंचायतों के नागरिक हुए लाभान्वित


भोपाल, 14 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भोपाल जिले में ‘मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान’ के अंतर्गत शुक्रवार को बैरसिया विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मुगालिया हाट में द्वितीय वृहद जनकल्याण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में फंदा विकासखंड की 30 ग्राम पंचायतों के हजारों नागरिकों ने सहभागिता की।

ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने के साथ अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर में शामिल होने के लिए संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, डीआईजी देहात राजेश सिंह चंदेल, एसपी देहात पंकज पांडे और जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी इला तिवारी भोपाल कलेक्ट्रेट से ई-बस द्वारा मुगालिया हाट पहुँचे। अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण और हरित ऊर्जा अपनाने का संदेश दिया।

शासकीय संस्थाओं और व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

शिविर से पहले अधिकारियों ने मुगालिया हाट स्थित शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय, सक्षम आंगनवाड़ी केंद्र, दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति और शासकीय उचित मूल्य दुकान का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान शाला परिसर की स्वच्छता, मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, आंगनवाड़ी में पोषण व्यवस्था, दुग्ध संकलन तथा राशन वितरण की स्थिति का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने क्षेत्र में संचालित नल-जल योजनाओं और पेयजल आपूर्ति की प्रगति की भी समीक्षा की तथा सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।

अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे योजनाओं का लाभ : विधायक खत्री

विधायक विष्णु खत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान जनता से सीधा संवाद, समस्याओं का मौके पर समाधान की अवधारणा को साकार कर रहा है। जनविश्वास अभियान का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का मौके पर त्वरित निराकरण करने के साथ शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना है।

उन्होंने कहा कि बैरसिया क्षेत्र के शासकीय विद्यालयों के अधोसंरचनात्मक सुदृढ़ीकरण एवं उन्नयन के साथ कॉलेज की सुलभ उपलब्धता सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। उन्होंने आचारपुरा औद्योगिक क्षेत्र में पुलिस चौकी की स्थापना संबंधी मुख्यमंत्री डॉ. यादव की घोषणा के शीघ्र क्रियान्वयन तथा सोलर प्लांट और नल-जल योजना से क्षेत्र में आए सकारात्मक बदलावों का भी उल्लेख किया।

शासकीय विद्यालयों में बनेंगे रीडिंग रूम

संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत आने वाली सेवाओं एवं प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण अनिवार्य है। इसकी नियमित निगरानी की जाएगी। उन्होंने ग्रामीण बालिकाओं की बढ़ती सहभागिता की सराहना करते हुए अभिभावकों से बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘GYAN’ विजन के अंतर्गत मेधावी विद्यार्थियों से संवाद के दौरान कक्षा 12वीं में 92.4 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली छात्रा खुशबू ने अध्ययन स्थल की आवश्यकता बताई। इस पर संभागायुक्त ने शासकीय विद्यालयों का शाम के समय ‘रीडिंग रूम’ और पुस्तकालय के रूप में उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

साइबर ठगी से सतर्क रहें

डीआईजी देहात राजेश सिंह चंदेल ने ग्रामीणों से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि अज्ञात वीडियो कॉल स्वीकार न करें और साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान आम नागरिकों के मन में प्रशासनिक व्यवस्था के प्रति विश्वास को और मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। शिविरों के माध्यम से शासन और प्रशासन स्वयं नागरिकों के बीच पहुँचकर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कर रहा है।

प्रत्येक शुक्रवार आयोजित होंगे शिविर

जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी इला तिवारी ने बताया कि 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक प्रत्येक शुक्रवार जनविश्वास शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनमें ई-केवाईसी, बैंकिंग समस्या, डीबीटी, समग्र आईडी अपडेशन और आधार पंजीयन के लिए विशेष स्टॉल लगाए जा रहे हैं। कार्यक्रम में सरपंच धर्मेन्द्र मारण ने अतिथियों का स्वागत करते हुए पंचायत की उपलब्धियों और स्थानीय आवश्यकताओं की जानकारी दी। इस अवसर पर 3.5 लाख रुपये का कर-संग्रह करने पर राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित ‘टैक्स सखी’ सपना कुशवाहा की उपलब्धि की सराहना की गई। ‘उद्यम संवाद’ के अंतर्गत आचारपुरा औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों ने निवेश और रोजगार सृजन से जुड़े अपने अनुभव भी साझा किए।

गुनगा और परसोरा में शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को बैरसिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गुनगा और परसोरा में विभिन्न शासकीय संस्थाओं एवं नागरिक सुविधाओं का निरीक्षण किया गया।

विधायक विष्णु खत्री, एसडीएम शिवांगी बघेल और अन्य अधिकारियों ने ग्राम पंचायत गुनगा स्थित शासकीय विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली तथा मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता की जांच की। दल ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर धात्री महिलाओं से उपचार एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इसके बाद उप मंडी गुनगा और हाट बाजार का भ्रमण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story