भोपालः शासकीय होम्योपैथिक कॉलेज में मरीजों को उचित दर पर उपलब्ध होंगे प्रायवेट रूम

WhatsApp Channel Join Now
भोपालः शासकीय होम्योपैथिक कॉलेज में मरीजों को उचित दर पर उपलब्ध होंगे प्रायवेट रूम


- संभागायुक्त शर्मा ने होम्योपैथी एवं यूनानी चिकित्सा महाविद्यालय कार्यकारिणी समिति की बैठक में दिए निर्देश

भोपाल, 19 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भोपाल संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने कहा कि जनमानस में होम्योपैथिक और यूनानी चिकित्सा पद्धतियों के प्रति भी निरंतर विश्वास लगातार बढ़ रहा है। शासकीय होम्योपैथिक कॉलेज और यूनानी चिकित्सालय में आने वाले रोगियों की चिकित्सा सुविधाओं एवं सेवाओं को उत्कृष्ट किया जाएगा. मरीजों को भर्ती करने की उचित दर पर सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

संभागायुक्त शर्मा की अध्यक्षता में शासकीय होम्योपैथी चिकित्सा महाविद्यालय एवं हकीम सैयद जिया उल हसन शासकीय (स्वशासी) यूनानी चिकित्सा महाविद्यालय की स्वशासी समिति की कार्यकारिणी की बैठक का आयोजन गुरुवार को पं. खुशीलाल आयुर्वेद संस्थान के कांफ्रेंस हॉल में किया गया।

बैठक में होम्योपैथी कॉलेज में संचालित कम्युनिटी मेडिशन डिपार्टमेंट के डेटा एनालायसिस रिसर्च के लिए कॉलेज में ऑनलाइन वेबसाइट एमपीएसीडीसी के माध्यम से बनवाने की सहमति प्रदान की गई। इसके साथ ही ओटी, ओपीडी एवं अन्य इनवेस्टीगेशन लैब के लिए आवश्यक उपकरण खरीदने की सैद्धांतिक सहमति प्रदान की गई। नेत्र रोग विभाग का समग्र उन्नयन एवं आधुनिकीकरण करने एवं मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर के लिए आवश्यक उपकरण खरीदने के लिए के लिए हेल्थ कॉर्पोरेशन एवं भंडार नियमानुसार अनुमोदन प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। पैथॉलाजी लैब का भी आधुनिकीकरण किया जाएगा। एनबीएच के मापदण्डानुसार चिकित्सालय आवश्यक सामग्री की सैद्धांतिक मंजूरी दी गई। साथ ही आयुष परिसर में 200 बिस्तरीय बालिका छात्रावास निर्माण प्रकिया में गति लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही कॉलेज में अग्नि शमन यंत्र एवं ईटीपी संयंत्र निर्माण की भी सैद्धांतिक सहमति प्रदान की गई।

बैठक में शासकीय होम्योपैथिक चिकित्सा महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. बबीता श्रीवास्तव, अधीक्षक चिकित्सालय डॉ. सुनीता तोमर, डॉ. अजय सिंह परिहार, डॉ. चेतना पांडे, हकीम सैयद जियाउल हसन, शासकीय यूनानी महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. महमूदा बेगम, अस्पताल अधीक्षक डॉ. सलीम अहमद, डॉ. कहकशा जाफ़री, डॉ. महफूज उर रहमान, डॉ मो. नसीम खान, आयुष विभाग के अधिकारीगण, कॉलेज के आमंत्रित सदस्य सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780123 Articles

Share this story