भोपालः गोविंदपुरा में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई, 15 करोड़ मूल्य की शासकीय भूमि कराई गई अतिक्रमण मुक्त

WhatsApp Channel Join Now
भोपालः गोविंदपुरा में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई, 15 करोड़ मूल्य की शासकीय भूमि कराई गई अतिक्रमण मुक्त


- नरेला शंकरी में 20 व्यावसायिक दुकानें और 2 आवासीय निर्माण ध्वस्त

भोपाल, 10 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र के ग्राम नरेला शंकरी में गुरुवार को कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की गई।

जिला प्रशासन, नगर निगम, उद्योग विभाग और पुलिस प्रशासन के संयुक्त दल ने शासकीय भूमि पर अनधिकृत रूप से निर्मित 20 व्यावसायिक दुकानों और 2 आवासीय निर्माणों को ध्वस्त कर भूमि को पुनः शासन के आधिपत्य में लिया। कार्रवाई के दौरान लगभग एक हजार वर्गमीटर (10 हजार 760 वर्गफीट) बहुमूल्य शहरी व्यावसायिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। शासकीय गाइडलाइन दर के अनुसार भूमि का न्यूनतम मूल्य लगभग 4 करोड़ 50 लाख रुपये है, जबकि इसका वर्तमान बाजार मूल्य लगभग 15 करोड़ रुपये आंका गया है।

बेदखली की कार्रवाई एसडीएम गोविंदपुरा आशुतोष शर्मा, तहसीलदार गोविंदपुरा सौरभ वर्मा और नगर निगम अतिक्रमण शाखा प्रभारी शैलेंद्र भदौरिया की उपस्थिति में संपन्न हुई। कार्रवाई के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। राजस्व, नगर निगम एवं उद्योग विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story