इंदौर की तर्ज पर भोपाल को भी बनाया जाएगा भिक्षावृत्ति मुक्त शहरः कलेक्टर मिश्रा
- रेस्क्यू के साथ पुनर्वास और काउंसलिंग पर रहेगा विशेष जोर, नशे के हॉट-स्पॉट किये जाएंगे चिन्हित
भोपाल, 20 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भोपाल में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा की अध्यक्षता में गुरुवार को “नशा मुक्त भारत अभियान” और “भिक्षावृत्ति मुक्त भोपाल अभियान” की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर मिश्रा ने भोपाल जिले को भिक्षावृत्ति मुक्त बनाने के लिए सामाजिक न्याय विभाग, नगर निगम एवं संस्था प्रवेश को समन्वय के साथ वृहद अभियान चलाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि भिक्षावृत्ति में लिप्त व्यक्तियों के रेस्क्यू के साथ ही उनके समुचित पुनर्वास और काउंसलिंग की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने नागरिकों को जागरूक करने के लिए व्यापक जन-जागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए। भोपाल को भिक्षावृत्ति मुक्त बनाने के लिए इंदौर के सफल पुनर्वास-केंद्रित मॉडल से सीख लेते हुए कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
कलेक्टर ने “नशा मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत जिला ड्रग डिमांड रिडक्शन प्लान के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने नशे से प्रभावित हॉट-स्पॉट चिन्हित करने तथा स्कूलों एवं महाविद्यालयों में नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने को कहा। सामाजिक न्याय विभाग को अभियान के लिए सूक्ष्म स्तर पर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि वे स्वयं तथा संबंधित अधिकारी विभिन्न संस्थाओं में आयोजित होने वाले नशा मुक्ति जन- जागरूकता कार्यक्रमों में शामिल होंगे। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए कॉलेजों एवं शैक्षणिक संस्थानों में “नशा मुक्त युवा, विकसित भारत” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम और संकल्प दौड़ आयोजित की जा रही हैं। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रहेगी। कलेक्टर मिश्रा ने नागरिकों से अपील की कि ड्रग्स अथवा नशीले पदार्थों की तस्करी से संबंधित कोई भी जानकारी बिना भय के साझा करें।
सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी
नागरिक टोल-फ्री नंबर 1933 अथवा पोर्टल ncbmanas.gov.in के माध्यम से सूचना दे सकते हैं। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार औचक निरीक्षण कर नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध कार्रवाई कर रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

