भोपालः नरेला विधानसभा में प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर हर घर जलेगा आशीर्वाद का दीया
- सेवा संकल्प अभियान को लेकर मंत्री सारंग ने नरेला विधानसभा के प्रमुखों के साथ की चर्चा
भोपाल, 16 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सहकारिता, खेल और युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने बुधवार को भोपाल के नरेला विधानसभा के प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में उन्होंने अभियान के अंतर्गत नरेला विधानसभा में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों को सफल एवं प्रभावी बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंत्री श्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक एवं राजनीतिक यात्रा राष्ट्रसेवा, सुशासन और जनकल्याण के प्रति समर्पण की प्रेरणादायी यात्रा है। उनके नेतृत्व में देश ने विकास और जनकल्याण को नई गति प्राप्त की है। आज देश का प्रत्येक क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और भारत आत्मविश्वास के साथ वैश्विक पटल पर अपनी नई पहचान बना रहा है।
नरेला के हर घर जलेगा आशीर्वाद का दीया
मंत्री सारंग ने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री श्री मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर नरेला विधानसभा में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर नरेला विधानसभा के प्रत्येक घर में दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री के दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को सेवा, संकल्प और जनभागीदारी के उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। नरेला विधानसभा का प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा संकल्प अभियान के सभी कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए इसे जन-जन का अभियान बनाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

