जनता की अपेक्षाएं पूरी करना हमारी जिम्मेदारी: राज्यमंत्री कृष्णा गौर

WhatsApp Channel Join Now
जनता की अपेक्षाएं पूरी करना हमारी जिम्मेदारी: राज्यमंत्री कृष्णा गौर


भोपाल, 12 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने बुधवार को गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र में करीब 1 करोड़ 33 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा करना जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी प्राथमिकता है।

राज्यमंत्री गौर ने कहा कि सावन के पवित्र महीने में क्षेत्रवासियों की लंबे समय से लंबित अभिलाषाएं पूरी हो रही हैं। उन्होंने कहा, जनता ने हम पर जो विश्वास जताया है, उसे विकास कार्यों के माध्यम से पूरा करना हमारी जिम्मेदारी है। क्षेत्र के नागरिकों की हर अपेक्षा को पूरा करने के लिए हम निरंतर काम कर रहे हैं। आपका आशीर्वाद और विश्वास हमारी पार्टी पर इसी तरह बना रहे।

भूमिपूजन कार्यक्रम के तहत वार्ड क्रमांक 53 के चाचा मोहल्ला, मिसरोद में 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी सड़क का कार्य शुरू किया गया। इसी वार्ड के गायत्री बिहार फेस-1 में 41 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन का भी भूमिपूजन किया गया।

इसके अलावा वार्ड क्रमांक 55 के जाटखेड़ी में 30 लाख रुपये की लागत से नाली एवं रोड क्रॉस निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। वहीं बागमुगालिया एक्सटेंशन क्लस्टर कैंपस, लहारपुर में 43 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी सड़क के निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन हुआ।

इन विकास कार्यों से क्षेत्र में सड़क, जल निकासी और सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद है।

राज्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि नागरिकों को इनका लाभ जल्द मिल सके। उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनी और तत्काल अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए। भूमिपूजन कार्यक्रम में मोनिका ठाकुर, अर्चना परमार, प्रताप वारे, जितेंद्र् शुक्ला, धमेंद्र परिहार, नीरज सिंह, रामबाबू पाटीदार सहित बड़ी संख्या में रहवासी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story