भोपालः सभी अनुविभागीय अधिकारियों को छात्रावासों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश
- समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक संपन्न
भोपाल, 12 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के एडीएम सुमित पांडे ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों (एसडीएम) को अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित छात्रावासों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों के लिए मेस की सुचारू व्यवस्था, गुणवत्तापूर्ण भोजन और अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
एडीएम पांडे सोमवार को समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में एडीएम प्रकाश नायक, एडीएम महेंद्र सिंह कवचे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन, जनसमस्याओं के निराकरण और लंबित समय-सीमा पत्रों की समीक्षा की गई।
पांडे ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के संबंध में भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। शहर के विकास और शासकीय परिसरों के सुव्यवस्थित उपयोग के लिए पुनर्घनत्वीकरण (रीडेंसिफिकेशन) कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई। एडीएम पांडे ने संबंधित विभागों को कार्ययोजना के संबंध में तत्परता से आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

