भोपालः गैस सिलेंडर की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई और एसडीएम को निरीक्षण करने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
भोपालः गैस सिलेंडर की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई और एसडीएम को निरीक्षण करने के निर्देश


- टीएल बैठक में उपार्जन, जनशिकायत, जल संरक्षण और टीकाकरण की हुई समीक्षा

भोपाल, 06 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह के निर्देशन में सोमवार को हुई समय-सीमा (टीएल) बैठक में एडीएम सुमित कुमार पांडेय ने गैस सिलेंडर वितरण और रिफिलिंग से संबंधित शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेने के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी एसडीएम और तहसीलदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर शिकायतों का गंभीरता से निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही जन आकांक्षा पोर्टल पर लंबित शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर समाधान करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में एडीएम पांडेय ने विभिन्न विभागों की समीक्षा करते हुए कहा कि आमजन से जुड़ी समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निराकरण प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने मिशन कर्मयोगी के iGOT पोर्टल के माध्यम से आयोजित साधना सप्ताह के अंतर्गत सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को न्यूनतम पाँच प्रशिक्षण पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। इस कार्यक्रम के माध्यम से अधिकारी-कर्मचारियों की क्षमता वृद्धि और प्रशासनिक दक्षता को मजबूत किया जा रहा है।

एडीएम पांडेय ने समर्थन मूल्य पर विपणन वर्ष 2026-27 के गेहूं उपार्जन की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक को निर्देश दिए कि जिले में स्थापित 87 उपार्जन केंद्रों पर किसानों को सुगम विक्रय सुविधा उपलब्ध कराई जाए और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से संचालित हो। उन्होंने कहा कि सभी विभाग 8 अप्रैल से पहले केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। 7 अप्रैल से पंजीकृत किसानों के लिए स्लॉट बुकिंग प्रारंभ होगी। बैठक में पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिकोण से नरवाई जलाने की घटनाओं पर सख्ती बरतने के निर्देश भी दिए गए। किसानों को जागरूक करने तथा नरवाई प्रबंधन के वैकल्पिक उपाय अपनाने के लिए व्यापक गतिविधियां संचालित करने को कहा गया।

जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी ने बैठक में संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए सभी प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आवेदन आमजन की समस्या से जुड़ा होता है, इसलिए उसका समय-सीमा में समाधान आवश्यक है। अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा जिला स्तरीय शिविर आयोजित करने की विस्तृत कार्य योजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। सीईओ इला तिवारी ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए एचपीवी टीकाकरण अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। सीएचएमओ, डीईओ और डीपीसी को लक्षित वर्ग तक अधिकतम पहुंच सुनिश्चित करने, जागरूकता बढ़ाने और अभियान की निरंतर निगरानी करने को कहा गया।

बैठक में जल गंगा संवर्धन अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई। सीईओइला तिवारी ने अभियान को और गति देने तथा व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण समय की आवश्यकता है और इसके लिए समाज के हर वर्ग की सहभागिता जरूरी है। ग्राम स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को जल संरक्षण के लिए प्रेरित किया जाए। साथ ही अभियान के अंतर्गत निर्मित जल संरचनाओं को राजस्व अभिलेखों में दर्ज कर उनके दीर्घकालीन संरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम अंकुर मेश्राम, प्रकाश नायक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story