भोपाल में इज्तिमा का आयोजन 4 से 7 दिसम्बर तक, संभागायुक्त ने की तैयारियों की समीक्षा
- आधुनिक तकनीक एवं नवाचार का उपयोग कर करें श्रेष्ट प्रबंधन: संभागायुक्त शर्मा
भोपाल, 18 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भोपाल में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला इज्तिमा इस वर्ष 04 दिसंबर से 07 दिसंबर 2026 तक ईटखेड़ी में आयोजित किया जाएगा। संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने बुधवार को इज्तिमा स्थल इटखेड़ी में कार्यक्रम के दौरान नागरिक सुविधाओं, सुरक्षा आदि व्यवस्थाओं के लिये संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा,आईजी भोपाल देहात रुचि वर्धन मिश्रा , एसपी देहात पंकज पांडे,सहित इज्तिमा समिति के पदाधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
संभागायुक्त शर्मा ने कहा कि इज्तिमा में आधुनिक तकनीक एवं नवाचार का प्रयोग कर भीड़ प्रबंधन ,पानी के सदुपयोग एवं नवीकरणीय ऊर्जा का प्रयोग श्रेष्ठ प्रबंधन करें। उन्होंने कहा कि इज्तिमा में जीरो वेस्टेज की अवधारणा के साथ कार्य किया जाए। संभागायुक्त शर्मा ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि अपने-अपने कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करें तथा इज्तिमा स्थल पर आने वाले जमातों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता पर सुनिश्चित की जाए।
भोपाल देहात आईजी रुचिवर्धन मिश्रा ने निर्देश दिए कि इज्तिमा स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाए। स्थल पर पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएं एवं भीड़ नियंत्रण की पर्याप्त व्यवस्था रहे तथा ट्रैफिक पुलिस द्वारा सुचारू यातायात सुनिश्चित किया जाए, ताकि जमातों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने निर्देश दिए कि रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर हैल्प डेस्क स्थापित किए जाएं, जिससे जमातों को सहायता मिल सके। संभागायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन एवं इज्तिमा समिति के बीच सुगम समन्वय और संचार बना रहे।
उन्होंने इलेक्ट्रिकल इंस्टॉलेशन के कार्य की पूर्व एवं पश्चात जांच करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी कार्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप किए जाएं। साथ ही वालंटियर की सूची तैयार कर उन्हें इज्तिमा स्थल की सभी व्यवस्थाओं की जानकारी दी जाए, ताकि जमातों को समय पर सहयोग प्राप्त हो सके।
संभागायुक्त शर्मा ने यह भी कहा कि इज्तिमा के दौरान स्वास्थ्य सुविधाएं सुदृढ़ रहें तथा किसी भी आपात स्थिति में रिस्पॉन्स टाइम न्यूनतम रहे। उन्होंने फूड सेफ्टी अधिकारी को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने एवं जल गुणवत्ता परीक्षण कराने के निर्देश दिए,जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना या अस्वास्थ्यकर स्थिति उत्पन्न न हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

