भोपालः कलेक्टर मिश्रा ने किया बेरसिया का भ्रमण, डुंगरिया के जनविश्वास शिविर में वितरित किए हितलाभ
भोपाल, 27 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने शुक्रवार को बैरसिया तहसील का भ्रमण कर जलापूर्ति की भावी जरूरतों, कृषि यंत्रों की उपलब्धता और दुग्ध उत्पादकों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने ग्राम डुंगरिया के मड़ माताजी मंदिर परिसर में आयोजित मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान शिविर में विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए।
बैरसिया की भावी जल मांग को ध्यान में रखकर योजना बनाने के निर्देश
कलेक्टर मिश्रा ने बिरहाई जलाशय का निरीक्षण कर उसकी जल भंडारण क्षमता और पानी के उपयोग की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बेरसिया क्षेत्र में संभावित जनसंख्या वृद्धि को ध्यान में रखते हुए आने वाले वर्षों की जल मांग का आकलन करें और निर्बाध जलापूर्ति के लिए योजना तैयार करें। उन्होंने जलाशय की जैव विविधता का पंजीयन कराने और यहां आने वाले प्रवासी पक्षियों का व्यवस्थित सर्वेक्षण कराने के निर्देश भी दिए।
कुल्हौर में कस्टम हायरिंग केंद्र का अवलोकन, दुग्ध समिति से जुड़े 52 उत्पादक
ग्राम कुल्हौर में कलेक्टर ने कृषक लोकेश साहू द्वारा संचालित कस्टम हायरिंग केंद्र का अवलोकन किया। साहू ने बताया कि योजना के तहत उन्हें 40 प्रतिशत शासकीय अनुदान मिला। इससे कृषि यंत्र उपलब्ध कराने में सुविधा हुई और उनकी बचत बढ़ी है। गरेठिया दुग्ध समिति के सचिव गोविंद सिंह ने बताया कि समिति से 52 दुग्ध उत्पादक जुड़े हैं और सभी पात्र सदस्यों के किसान क्रेडिट कार्ड बनाए जा चुके हैं।
महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता ग्रामीण विकास का आधार
डुंगरिया में शिविर को संबोधित करते हुए कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि जनविश्वास अभियान का उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था में नागरिकों का विश्वास मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर ग्रामीण महिलाओं का आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनना विकास का परिचायक है। शिविर में बैंक सखी रेखा राजपूत ने बताया कि समूह से जुड़ने के बाद उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और अब वे हर महीने 10 हजार रुपये तक की बचत कर रही हैं।
तुलसा बाई ने बताया कि समूह से मिली वित्तीय सहायता से उन्होंने सुपारी काटने और दोना-पत्तल बनाने की मशीनें खरीदीं, जिनसे वे अपना स्वरोजगार चला रही हैं। कलेक्टर ने ग्रामीणों से जीवन बीमा कराने, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और नशामुक्ति का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने शिविर में उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों को बाल विवाह रोकने तथा इसके प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई।
ग्राम सुरक्षा समितियों को सक्रिय करने पर जोर
पुलिस अधीक्षक (देहात) पंकज पांडेय ने ग्राम सुरक्षा समितियों का पुनर्गठन कर उन्हें सक्रिय करने और पुलिस से नियमित समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने वित्तीय साइबर धोखाधड़ी की सूचना तत्काल हेल्पलाइन 1930 पर देने को कहा। उन्होंने क्षेत्र के वेयरहाउस और व्यावसायिक भवनों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश भी दिए। शिविर में मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना और पीएम स्वनिधि योजना के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए।
कलेक्टर ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष मोहन सिंह जाट, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी इला तिवारी, पुलिस अधीक्षक (देहात) पंकज पांडेय और अनुविभागीय अधिकारी शिवांगी बघेल सहित विभागीय अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

