भोपालः कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने आबकारी कार्यालय का किया औचक निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
भोपालः कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने आबकारी कार्यालय का किया औचक निरीक्षण


- शत-प्रतिशत कार्य ई-ऑफिस प्रणाली से संचालित करने के दिए निर्देश

भोपाल, 16 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने बुधवार को जिला आबकारी विभाग कार्यालय का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने कार्यालय की समस्त शाखाओं का गहन अवलोकन करते हुए शासकीय कार्यशैली को अधिक पारदर्शी, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

ई-ऑफिस प्रणाली का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन अनिवार्य

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर मिश्रा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विभागीय फाइलों एवं पत्रावलियों का निष्पादन अनिवार्य रूप से ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से ही किया जाए। उन्होंने कहा कि डिजिटल कार्यप्रणाली से न केवल शासकीय कार्यों में पारदर्शिता और गतिशीलता आएगी, बल्कि प्रकरणों का त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण भी संभव हो सकेगा।

नियमों के अनुरूप हो नस्तियों का संधारण

कलेक्टर मिश्रा ने आवक- जावक पंजी, स्थापना शाखा, राजस्व अभिलेख तथा लंबित प्रकरणों से संबंधित फाइलों का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासकीय नस्तियों (फाइलों) का रख-रखाव एवं संधारण पूर्णतः नियमानुसार और सुव्यवस्थित ढंग से किया जाए। अभिलेखों के रख-रखाव में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

सघन चेकिंग एवं सतत निगरानी के निर्देश

जिला आबकारी अधिकारी को सख्त निर्देश देते हुए कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं विक्रय पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए मैदानी स्तर पर निरंतर और सघन जांच अभियान चलाया जाए। उन्होंने आबकारी अमले को संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निरीक्षण, औचक दबिश और फ्लैग मार्च करने के निर्देश दिए, ताकि नियम विरुद्ध गतिविधियों में संलिप्त असामाजिक तत्वों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जा सके।

कलेक्टर मिश्रा ने कार्यालय परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा विभागीय सेवाओं के लिए आने वाले नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं संवेदनशीलता के साथ निवारण करने के भी निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story