भोपालः सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
भोपालः सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित


- सांसद ने बच्चों को खिलौने एवं फल-मिष्ठान वितरित किए, 17 आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ता सम्मानित

भोपाल, 29 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मंगलवार को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत परियोजना जेपी नगर में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन चार भवन, नारियलखेड़ा में किया गया। कार्यक्रम सांसद आलोक शर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में महापौर मालती राय, वार्ड क्रमांक-12 के पार्षद देवेंद्र भार्गव, धर्मेंद्र अग्रवाल, परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक श्रद्धा मेहता, डॉ. जितेंद्र सैनी सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, आशा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लगभग 200 लोगों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा सहजन के पौधे का रोपण एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा लगाई गई पोषण व्यंजन प्रदर्शनी के अवलोकन से हुआ। प्रदर्शनी में घर में उपलब्ध सामग्री से पौष्टिक एवं संतुलित भोजन तैयार करने की विधियों को प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा प्रसारित संदेश भी उपस्थित हितग्राहियों को सुनाया गया। हितग्राहियों के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया, जिसमें ब्लड प्रेशर, एनीमिया सहित अन्य स्वास्थ्य जांच की गई। शिविर के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक भी किया गया।

आंगन मिलन सेवा के अंतर्गत सांसद आलोक शर्मा ने बच्चों के साथ आत्मीय संवाद किया तथा उन्हें खिलौने, फल एवं मिष्ठान वितरित किए। बच्चों एवं माताओं का स्वागत गुलाब की पंखुड़ियों एवं ढोल की थाप के साथ किया गया।

कार्यक्रम में परियोजना अधिकारी धर्मेंद्र अग्रवाल ने परियोजना जेपी नगर के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों में 26 सितंबर से 5 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में इन गतिविधियों को चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत तीन-तीन परियोजनाओं में तीन-तीन दिवस तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि निर्धारित अवधि में जिलेभर में अभियान की गतिविधियां निरंतर संचालित हो सकें।

इस अवसर पर सांसद एवं अतिथियों द्वारा 17 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं आशा कार्यकर्ताओं को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत तीन बालिकाओं को लाड़ली लक्ष्मी योजना के आश्वासन प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद आलोक शर्मा ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, आशा कार्यकर्ताओं एवं हितग्राहियों का आह्वान किया कि “अपनी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” की भावना के साथ अधिक से अधिक हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सक्रिय सहभागिता करें। उन्होंने कहा कि सभी मिलकर प्रयास करें कि आंगनबाड़ी केंद्रों को और बेहतर बनाया जा सके। उन्होंने उपस्थितजनों को आश्वस्त किया कि आंगनबाड़ी केंद्रों से संबंधित किसी भी समस्या की जानकारी उन्हें दी जा सकती है, ताकि उसके निराकरण के लिए आवश्यक प्रयास किए जा सकें।

कार्यक्रम के अंत में पोषण माह अभियान के अंतर्गत उपस्थित प्रतिभागियों को पोषण शपथ दिलाई गई और स्वस्थ एवं सुपोषित समाज के निर्माण में सामूहिक सहभागिता का संकल्प लिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story