मप्र: ज्योतिर्लिंग-द्वारका दर्शन के लिए आज रवाना होगी ‘भारत गौरव’ ट्रेन

WhatsApp Channel Join Now
मप्र: ज्योतिर्लिंग-द्वारका दर्शन के लिए आज रवाना होगी ‘भारत गौरव’ ट्रेन


भोपाल, 11 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के श्रद्धालुओं के लिए भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) “भारत गौरव पर्यटक ट्रेन” के जरिए ज्योतिर्लिंगों के साथ पश्चिम भारत के प्रमुख तीर्थों के दर्शन का सुनहरा अवसर लेकर आया है। यह ट्रेन आज शनिवार को रीवा से रवाना होगी।

पश्चिम मध्य रेलवे के अनुसार, यह ट्रेन सतना, मैहर, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, इटारसी, रानी कमलापति स्टेशन, भोपाल, शुजालपुर और उज्जैन सहित कई स्टेशनों पर ठहरेगी। इससे मंडल के यात्रियों को अपने नजदीकी स्टेशन से ही यात्रा शुरू करने की सुविधा मिलेगी। इस आध्यात्मिक यात्रा में श्रद्धालुओं को द्वारका स्थित द्वारकाधीश मंदिर, सोमनाथ मंदिर, नागेश्वर ज्योतिर्लिंग तथा ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। पूरी यात्रा लगभग 10 रात और 11 दिन की होगी।

आईआरसीटीसी द्वारा तैयार इस टूर पैकेज में यात्रियों को रेल यात्रा के साथ ठहरने की व्यवस्था, भोजन, स्थानीय परिवहन, दर्शनीय स्थलों का भ्रमण, यात्रा बीमा, ऑन-बोर्ड सुरक्षा और टूर एस्कॉर्ट जैसी सुविधाएं एक ही पैकेज में उपलब्ध कराई जाएंगी। अलग-अलग श्रेणियों में किराए निर्धारित किए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग इस धार्मिक यात्रा का लाभ उठा सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story