बैतूलः प्रार्थना सभा के दौरान धर्मांतरण के आरोप में दो भाई गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
बैतूलः प्रार्थना सभा के दौरान धर्मांतरण के आरोप में दो भाई गिरफ्तार


बैतूल, 29 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बैतूल शहर के हमलापुर क्षेत्र में कथित धर्मांतरण को लेकर विवाद सामने आया है। सुभाष वार्ड में एक मकान के भीतर बंद दरवाजे के पीछे ईसाई धर्म की प्रार्थना सभा आयोजित किए जाने की सूचना पर रविवार को गंज पुलिस ने कार्रवाई की है। इस मामले में दो सगे भाइयों निखिल प्रजापति और नीरज प्रजापति को गिरफ्तार किया गया है।

आरोप है कि प्रार्थना सभा में शामिल होने वाले हिंदू समाज के लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए पैसे, राशन और मकान देने का प्रलोभन दिया जा रहा था। रविवार दोपहर हिंदू सेना के प्रदेशाध्यक्ष दीपक मालवीय अपने कार्यकर्ताओं के साथ गंज थाने की पुलिस को लेकर मौके पर पहुंचे। वहां एक मकान का दरवाजा बंद था और अंदर प्रार्थना सभा चल रही थी। पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो करीब 10 बाय 15 फीट के कमरे में कुछ लोग प्रार्थना करते मिले।

दो दर्जन से अधिक लोगों के मौजूद होने का दावा

हिंदू सेना के प्रदेशाध्यक्ष दीपक मालवीय ने बताया कि उन्हें कुछ समय से हमलापुर के सुभाष वार्ड में धर्मांतरण के लिए लोगों को प्रेरित किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। सूचना के मुताबिक, एक व्यक्ति के घर पर बाहर से आने वाले लोगों के साथ वार्ड के हिंदू परिवारों के सदस्यों को भी बुलाया जाता था। इसके बाद उन्होंने पुलिस को जानकारी देकर मौके पर पहुंचने का निर्णय लिया।

मालवीय का दावा है कि मकान के भीतर दो दर्जन से ज्यादा लोग मौजूद थे और दरवाजा बंद करके प्रार्थना सभा की जा रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि बीमार और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को निशाना बनाकर उन्हें आर्थिक मदद, राशन और मकान देने का भरोसा दिलाया जाता था। इसके अलावा कलावा और तिलक छोड़ने के लिए भी कहा जाता था।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने दर्ज किया केस

पुलिस के अनुसार, सुभाष वार्ड निवासी पवन मालवीय ने रविवार को गंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में हमलापुर निवासी निखिल प्रजापति और नीरज प्रजापति पर अपने घर में ईसाई धर्म की प्रार्थना सभा आयोजित करने और हिंदू समाज के लोगों को वहां बुलाने का आरोप लगाया गया है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि दोनों भाई लोगों को पैसे, राशन और मकान का लालच देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करते थे। उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें खुद इस तरह का प्रलोभन दिया गया था।

एसपी अमित सक्सेना ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उन्हें सोमवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले से जुड़े आरोपों की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785544 Articles

Share this story