मप्र के बैतूल में शराब छुड़ाने के नाम पर पिलाया जहरीला घोल, दो की मौत, पांच अस्पताल में भर्ती

WhatsApp Channel Join Now
मप्र के बैतूल में शराब छुड़ाने के नाम पर पिलाया जहरीला घोल, दो की मौत, पांच अस्पताल में भर्ती


मप्र के बैतूल में शराब छुड़ाने के नाम पर पिलाया जहरीला घोल, दो की मौत, पांच अस्पताल में भर्ती


- 21 दिन में नशे की लत खत्म करने का दावा, 100 रुपये लेकर पिलाए तीन गिलास काढ़े से बिगड़ी तबीयत, तीन आरोपी गिरफ्तार

बैतूल, 18 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में शराब की लत छुड़ाने के नाम पर पिलाया गया जड़ी-बूटियों का घोल सात लोगों के लिए जानलेवा साबित हुआ। कथित उपचार के दौरान घोल पीने के बाद बुधवार को दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य की हालत बिगड़ गई। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर गैर-इरादतन हत्या का प्रकरण दर्ज किया है।

घटना चिचोली क्षेत्र के पाठाखेड़ा स्थित राजा की बैठक की बताई जा रही है। यहां शराब की लत छुड़ाने का दावा कर लोगों को कथित तौर पर जड़ी-बूटियों से तैयार घोल पिलाया जा रहा था। पीड़ितों के मुताबिक, ओझा परते ने 21 दिन में शराब छुड़ाने का भरोसा दिलाया था। इसके लिए प्रति व्यक्ति 100 रुपये लेकर तीन गिलास काढ़ा पिलाया गया।

मृतकों में रामकिशोर झाड़े (35) निवासी देहगुढ़ थाना आठनेर और संजय उइके (22) निवासी इमलीढाना था चिचोली शामिल है। वहीं, मोहन अमरुते (30) निवासी देहगुढ़, विजय उइके (26) निवासी इमलीढ़ाना, रामदास अहाके (36) निवासी खिलविड़ा, सहदेव इवने (50) और एक 17 वर्षीय किशोर को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

घोल पीते ही पेट में जलन, फिर होने लगी उल्टी

मृतक संजय के भाई ने बताया कि उन्हें पाठाखेड़ा में शराब छुड़ाने के उपचार की जानकारी मिली थी। इसके बाद वे वहां पहुंचे। उस समय मौके पर करीब 400 से 500 लोगों की भीड़ थी। पूजा-पाठ के बाद उन्हें लाल रंग का दवा जैसा घोल पीने के लिए दिया गया। इसे जड़ी-बूटियों का काढ़ा समझकर पी लिया, लेकिन कुछ ही देर में पेट में तेज जलन होने लगी।

उनके मुताबिक, करीब आधे घंटे बाद चक्कर आने लगे और उल्टियां शुरू हो गईं। वे लगभग एक घंटे तक वहीं उल्टियां करते रहे। तीन लोगों ने घोल पिया था। वापस लौटते समय छोटे भाई संजय की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई और रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

इलाज की उम्मीद में पहुंचे थे, अब भी चक्कर आ रहे

बीमार मोहन अमरूते ने बताया कि गांव के कुछ लोग पहले भी वहां जाकर दवा पी चुके थे। उन्होंने दावा किया था कि इससे शराब की आदत छूट जाती है। इसी भरोसे पर वे भी उपचार के लिए पहुंचे थे। वहां उन्हें गिलास में घोल दिया गया। इसे पीने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्होंने बताया कि उनके गांव से 10 से 15 लोग वहां गए थे, जबकि मौके पर काफी भीड़ थी। अस्पताल में भर्ती होने के बाद भी उन्हें चक्कर आने की शिकायत है।

पांच मरीजों का जिला अस्पताल में उपचार

घटना के बाद बीमार लोगों को चिचोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव शर्मा ने बताया कि मरीजों के पेट की सफाई के लिए स्टमक वॉश किया गया। इसके बाद नसों के जरिए तरल पदार्थ देकर उपचार शुरू किया गया। हालत गंभीर होने पर पांचों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बैतूल रेफर कर दिया गया। एसडीएम अभिजीत सिंह ने भी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर मरीजों की स्थिति की जानकारी ली।

घोल और जड़ी-बूटी के नमूने जांच के लिए भेजे

पुलिस अधीक्षक अमित सक्सेना ने बताया कि घटनास्थल से लोगों को पिलाया गया तरल पदार्थ और जमरास की जड़ का चूरा जब्त किया गया है। दोनों के नमूने प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही घोल में मौजूद जहरीले तत्वों और मौतों के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

पुलिस ने मामले में भगत रमेश उइके, ओझा परते और शरद कवड़े को गिरफ्तार किया है। तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 के तहत गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779484 Articles

Share this story