मप्र पुलिस अकादमी में 46वें उप पुलिस अधीक्षक बैच के बुनियादी प्रशिक्षण का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
मप्र पुलिस अकादमी में 46वें उप पुलिस अधीक्षक बैच के बुनियादी प्रशिक्षण का शुभारंभ


- 17 प्रशिक्षु अधिकारियों को आधुनिक, संवेदनशील एवं प्रभावी पुलिसिंग का प्रशिक्षण

भोपाल, 06 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश पुलिस अकादमी, भोपाल में 46वें उप पुलिस अधीक्षक बैच के बुनियादी प्रशिक्षण का उद्घाटन सत्र रविवार को अकादमी के निदेशक रवि कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण बैच में 06 पुरुष एवं 11 महिला प्रशिक्षु अधिकारी शामिल हैं।

उद्घाटन सत्र में निदेशक/रवि कुमार गुप्ता ने प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि एक प्रभावी पुलिस अधिकारी के लिए अच्छा श्रोता होना, फील्ड वर्क की समझ, वर्क मैनेजमेंट, प्रशासनिक निर्णय क्षमता, कानून-व्यवस्था प्रबंधन एवं वैज्ञानिक तरीके से अपराध अनुसंधान अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं जरूरतमंदों की सहायता को पुलिस सेवा का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, बदलती परिस्थितियों के अनुरूप नवाचार एवं आधुनिक तकनीक को अपनाकर प्रभावी एवं परिणामदायी पुलिसिंग करने पर विशेष जोर दिया।

46वें उप पुलिस अधीक्षक बैच के प्रशिक्षण में परंपरागत पुलिसिंग के आधारभूत ज्ञान के साथ-साथ आधुनिक, तकनीक आधारित एवं जन-केंद्रित पुलिसिंग की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नवीन एवं प्रासंगिक विषयों को शामिल किया गया है।

प्रशिक्षण के प्रमुख विषयों में आधुनिक भारत एवं पुलिस व्यवस्था, भारतीय संविधान एवं मानव अधिकार, नीतिशास्त्र एवं नैतिकता, अपराधशास्त्र, व्यक्तित्व विकास एवं मानव व्यवहार, प्रबंधन एवं पुलिस कार्य, कानून-व्यवस्था, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), भारतीय साक्ष्य अधिनियम (बीएसए), अपराध अनुसंधान एवं प्रभावी पुलिसिंग सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं।

इस अवसर पर उप निदेशक रामजी श्रीवास्तव, सहायक निदेशक (प्रशिक्षण) रश्मि पाण्डेय, सहायक निदेशक/प्रभारी पुलिस अधीक्षक, पीटीएस भोपाल यास्मीन जहरा, अकादमी के वरिष्ठ अधिकारी, अकादमी स्टाफ तथा 45वें एवं 46वें उप पुलिस अधीक्षक बैच के प्रशिक्षु अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story